दिल्ली चुनाव : भाजपा की जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने मनाई होली-दीवाली

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी के प्रचंड बहुमत आने के रुझान स्पष्ट होते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जम कर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाकर होली और पटाखे चला कर दीवाली मनाई।

मध्याह्न में मतगणना रुझानों के अनुसार 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में भाजपा को 46 सीटों पर प्रचंड जीत मिलती दिख रही है और पिछले चुनावों में 62 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी 24 सीटों पर सिमट रही है। दिल्ली में भाजपा 27 साल बाद सत्ता में वापस करने जा रही है।

वैसे तो मतगणना में सुबह से ही भाजपा बड़ी बढ़त ले चुकी थी लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता सावधानी पूर्वक मतगणना के रुझानों के ठोस रूप लेने के बाद 5 पंडित पंत मार्ग पर स्थित भाजपा के दिल्ली प्रदेश कार्यालय के बाहर जमा हजारों कार्यकर्ता इंतज़ार कर रहे थे। अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारी भी प्रदेश भाजपा कार्यालय पर मौजूद थे।

मतगणना के रुझान स्पष्ट होते ही कार्यकर्ता ढोल ताशे की धुन पर नाचने लगे और उन्होंने खूब पटाखे चलाये। कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी और जय श्री राम के नारे लगाए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को गुलाल लगा कर तथा गले लगा कर बधाई दी।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मतगणना के रूझानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। श्री मोदी की नीतियों की वजह से हम लगातार जीत रहे हैं और 20 से ज्यादा राज्यों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार है।

उन्होंने भाजपा और आम आदमी पार्टी की हार की वजहों के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा कि इसके कई कारण है, जिनमें एक ओर आप का शराब घोटाला, यमुना की सफाई नहीं करने, सड़कों की बदहाली का मुद्दा था, तो दूसरी ओर मोदी के नेतृत्व में भाजपा द्वारा किया गया वादा था।

उन्होंने कहा कि भाजपा अपने संकल्प पत्र में जो वादा करती है, उसे पूरा करती है। यहीं वजह है कि हम लगातार चुनाव जीत रहे हैं। मोदी के नेतृत्व में हम तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने में सक्षम रहे हैं। लोग भाजपा की नीतियों और मोदी की गारंटियों पर विश्वास विश्वास कर रही है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम : भाजपा 46 सीटों पर आगे, आप को 24 पर बढ़त