अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत आप के दो मंत्रियों की हार

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की आंधी के आगे आम आदमी पार्टी का 12 वर्ष का शासन उखड़ गया और बकौल केन्द्रीय मंत्री आप के बड़े मियां और छोटे मियां अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित आम आदमी पार्टी के तमाम कई बड़े नेताओं को हार का स्वाद चखना पड़ा।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय राजधानी में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा की जीत की ताल ठोकते हुए तीन फरवरी को एक रैली में आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं केजरीवाल के निकट सहयोगी सिसोदिया को क्रमश: ‘बड़े मियां’ और ‘छोटे मियां’ की संज्ञा दी थी। गृह मंत्री ने कहा था कि आप के इन दोनों नेताओं ने दिल्ली की जनता का ठगा है।

केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में कांटे के मुकाबले में भाजपा के प्रवेश वर्मा ने शिकस्त दी। वर्मा को 30088 वोट मिले, जबकि केजरीवाल को 25999 वोट मिले। सिसोदिया को अपनी पटपड़गंज सीट छोड़कर जंगपुरा क्षेत्र में गए थे जहां उन्हें भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह ने 675 मतों से पराजित किया। मारवाह को 38859 वोट मिले, जबकि सिसोदिया 38184 मिले।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री एवं आप के प्रवक्ता सौरव भारद्वाज और परिवहन मंत्री एवं जाट नेता रघुविंदर शौकीन को भी भाजपा की आंधी ने उन्हें नहीं टिकने दिया। भारद्वाज को ग्रेटर कैलाश सीट पर भाजपा की शिखा रॉय ने 3139 मतों से और शौकीन को भाजपा के ही मनोज शौकीन ने 25251 मतों से हराया।

मुख्यमंत्री आतिशी ने कालकाजी सीट कड़े मुकाबले की आप का ध्वज ऊंचा रखने में सफल रही और उन्होंने भाजपा के रमेश बिधूड़ी को 3521 वोट से हराया। एक अन्य मंत्री गोपाल राय ने भाजपा के अनिल कुमार वशिष्ट को 18994, बल्लीमारान से इमरान हुसैन ने भाजपा के कमल बागड़ी को 29823 मतों से तथा सुल्तानपुर माजरा से मुकेश कुमार अहलावत ने भाजपा के करम सिंह कर्मा को 17126 मतों से पराजित किया।

दिल्ली चुनाव : भाजपा की जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने मनाई होली-दीवाली

दिल्ली चुनाव : भाजपा की जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने मनाई होली-दीवाली