जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और विश्वास का परिणाम है दिल्ली की जीत : मदन राठौड़

जयपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और विश्वास का परिणाम बताते हुए कहा है कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओ की मेहनत का नतीजा है।

राठौड़ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने झूठे वादे करने औैर आश्वासन देने वालों को कडा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल भाजपा की नहीं बल्कि दिल्ली की जनता के विवेक, साहस और संकल्प की जीत है।

लंबे समय से दिल्ली की जनता एक ईमानदार और विकासोन्मुख सरकार की प्रतीक्षा कर रही थी और आखिरकार उन्होंने भाजपा को सत्ता सौंपकर उस इंतजार को समाप्त किया। यह जनता की जीत है जिसने अपने भविष्य के लिए सही निर्णय लिया है और यह फैसला दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

राठौड़ ने इस जीत को दिल्ली के जन-जन की आशाओं और आकांक्षाओं की जीत करार दिया, जिनकी आवाज़ को बरसों से अनसुना किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यह जीत उस महाठग कंपनी से आजादी की जीत है जिसने बरसों तक दिल्ली की जनता को छलने का काम किया। आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की सरकार ने केवल वादे किए लेकिन उनके शासन में दिल्लीवासी भ्रष्टाचार, घोटालों और असफलताओं के जाल में फंसते चले गए। जनता ने अपने विवेक से उस ठग व्यवस्था को जड़ से उखाड़ फेंका है, और अब दिल्ली एक नई दिशा में आगे बढ़ने को तैयार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने केवल नारों और भाषणों के बल पर नहीं, बल्कि अपने कामों और नीतियों से जनता का दिल जीता है। मोदी के नेतृत्व में दिल्लीवासियों ने विकास और प्रगति की दिशा में जो कदम बढ़ाया है, वह केवल एक शुरुआत है। दिल्ली अब विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के एक नए युग में प्रवेश कर चुकी है।

उन्होंने बताया कि अब यमुना नदी की सफाई का कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा और यह मुद्दा भाजपा सरकार की प्राथमिकता में रहेगा। केजरीवाल सरकार ने यमुना की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। अब दिल्ली के लोग भाजपा के नेतृत्व में देखेंगे कि कैसे वास्तविक कार्य किया जाता है।

उन्होंने कहा कि राजनीति का शुद्धीकरण शुरू हो चुका है। एक बेईमान सरकार को हटाकर दिल्ली की जनता ने ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता की मेहनत की कमाई को अपना महल बनाने में लगा दिया। अब जबकि सरकार बदल चुकी है, जनता के पैसे का हिसाब होगा और शीशमहल का भविष्य तय किया जाएगा। यह संभव है कि इसे या तो जनता के हितकारी कार्यों में उपयोग किया जाए या इसे ध्वस्त कर दिया जाए। भ्रष्टाचारियों के लिए जेल ही एकमात्र जगह होगी और उन्हें जनता के पैसों का पूरा हिसाब देना होगा।

राठौड़ ने यह भी जोर दिया कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने लंबे समय तक झूठे आरोप लगाकर जनता को भ्रमित किया। ईडी और सीबीआई के जांच को राजनीतिक षड्यंत्र बताकर अपनी करतूतों को छिपाने की कोशिश की गई लेकिन न्यायालय की कड़ी फटकार के बाद भी इन नेताओं के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। जनता ने अंततः इनकी असलियत को पहचान लिया और इन्हें पूरी तरह से खारिज कर दिया।

दिल्ली में विकास, विश्वास का नया युग शुरू : अमित शाह