प्रयागराज/जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर कहा है कि लूट और झूठ वाले आप-‘दा‘ की दिल्लीवासियों ने विदाई कर दी है और अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार दिल्ली का विकास करेगी। शर्मा ने दिल्ली में भाजपा की जीत पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही।
उल्लेखनीय है कि शर्मा ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में 11 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया था। इन सीटों में रिठाला से कुलवंत राणा ने 29616 वोटों से जीत दर्ज की है। शालीमार बाग से रेखा गुप्ता 29595 वोटों से जीती है। शकूरबस्ती से करनेल सिंह 20998 वोटों से जीते है। त्रिनगर से तिलक राम गुप्ता को 15896 वोटों से जीत मिली है। मोतीनगर से हरीश खुराना 11657 वोटों के मार्जिन से जीते हैं।
गांधीनगर से अरविंदर सिंह लवली का जीत का मार्जिन 12748 वोटों का रहा है। कृष्णा नगर से डॉ. अनिल गोयल 19498 वोटों से जीते है। रोहिणी से विजेन्द्र गुप्ता 37816 वोटों से जीते हैं, वहीं द्वारका से प्रद्युम्मन सिंह राजपूत ने 7829 वोटों से जीत दर्ज की है। तिमारपुर से सूर्यप्रकाश खत्री 1024 वोटों से विजयी हुए है। मुंड़का से गजेन्द्र द्राल भी 10 हजार से अधिक मतों से जीते।