जबलपुर जिले में ट्रक-ट्रेवलर भिडंत में हैदराबाद के 7 यात्रियों की मौत, 2 घायल

जबलपुर/हैदराबाद। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र में आज सुबह ट्रक ने एक छोटी यात्री गाड़ी ट्रेवलर काे टक्कर मार दी, जिससे सात यात्रियों की घटना स्थल पर ही मौत हो गईयी और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए जबलपुर पहुंचाया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र के मोहला बरगी गांव के समीप गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने सामने से आ रही ट्रेवलर गाड़ी को भीषण टक्कर मार दी। इस वजह से ट्रेवलर में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेवलर महाराष्ट्र की बताई जा रही है, जो आंध्रप्रदेश के यात्रियों को प्रयागराज से वापस लेकर अपने राज्य लौट रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कराया। मृतकों में सभी पुरुष बताए गए हैं। वहीं, घायल दो यात्रियों को जबलपुर के अस्पताल में पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव कार्य में क्रेन की मदद भी ली गई। बताया जा रहा है कि ट्रेवलर में 9 लोग सवार थे।

रवंत रेड्डी ने जबलपुर सड़क दुर्घटना पर जताया दुख

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मध्य प्रदेश के जबलपुर के पास हुए दुखद सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे में हैदराबाद के नाचराम के कई लोगों की जान चली गई।

मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों को सतर्क किया और घायलों के लिए सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सभी आवश्यक राहत उपाय करने का भी निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान में मंगलवार को कहा गया कि तेलंगाना सरकार पीड़ितों और उनके परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए मध्य प्रदेश में स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रही है।