भोजपुरी अभिनेत्री पूनम दुबे ने गोवा में रचाई शादी

मुंबई। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री पूनम दुबे ने हाल ही में शादी के बंधन में बंधकर अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत की है।

यह भव्य समारोह 18 अप्रैल को गोवा के प्रसिद्ध ला कबाना रिसॉर्ट में आयोजित हुआ, जहां भोजपुरी सिनेमा और राजनीति जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें फोन कर आशीर्वाद और बधाई दी।

इस खास मौके पर भोजपुरी के दो सुपरस्टार और मौजूदा सांसद मनोज तिवारी और रवि किशन विशेष रूप से पूनम दुबे को आशीर्वाद देने के लिए गोवा पहुंचे। उनके अलावा यश मिश्रा, अभिनेत्री शुभी शर्मा, विकास सिंह वीरपन समेत कई फिल्मी सितारों और पूनम के करीबी दोस्तों ने शादी समारोह में शिरकत की और नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।

पूनम दुबे ने गौरव जैन नामक व्यक्ति से विवाह किया है। हालांकि गौरव के बारे में सार्वजनिक रूप से ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन दोनों की जोड़ी को काफी सराहा जा रहा है। दोनों लंबे समय से रिलेशनशिप में थे, जिसके बाद 18 अप्रैल को वैवाहिक बंधन में बंध गए। समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं, जिसमें पूनम पारंपरिक परिधान में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं।