नई दिल्ली/जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी के शासन को पिछले दस वर्षों में झूठे वादों, नाकामियों और जनता के साथ धोखे का प्रतीक बताते हुए कहा है कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सभी जरूरी सुविधाओं के नाम पर जो बड़े-बड़े घोटाले हुए हैं वे सबके सामने आ चुके हैं।
शर्मा सोमवार को नई दिल्ली के शाहदरा में कृष्णानगर विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी डॉ. अनिल गोयल के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आप पार्टी के नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप इतने गंभीर हो गए हैं कि इनके एक मुख्यमंत्री, एक उपमुख्यमंत्री, एक मंत्री और तीन विधायक घोटालों के आरोप में जेल जा चुके हैं। अभी भी तीन नेता जेल में हैं। शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों भ्रष्टाचार की जननी है। ये वे लोग हैं, जो ‘भारत तेरे होंगे टुकड़े’ का नारा लगाने वालों का साथ देते हैं।
उन्होंने कहा कि जनसभा में जनता का उत्साह दिल्ली सरकार के उस अंधकारमय शासन के अंत का संकेत दे रहा है, जिसने दिल्ली के विकास को ठंडे बस्ते में डाल दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अब झूठे वादों का अंत होगा और भाजपा की डबल इंजन सरकार में दिल्ली का असल में विकास होगा।
शर्मा ने कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन से निकले लोग दिल्ली की जनता को सपने दिखाकर सत्ता में आए थे मगर भ्रष्टाचार में डूब गए। आम आदमी पार्टी ने मुफ्त पानी देने का वादा किया था लेकिन आज दिल्ली के घरों में पानी आता ही नहीं है और अगर आता है तो वह गंदा पानी होता है जो बीमारियां फैला रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों को सड़कों पर बहते सीवर के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में शिक्षा मॉडल की बात की थी लेकिन यह शिक्षा का नहीं बल्कि भ्रष्टाचार का मॉडल था। क्लासरूम बनाने के नाम पर इन्होंने 1300 करोड़ रूपए का घोटाला किया। यही स्वास्थ्य क्षेत्र में किया 65 हजार फर्जी लैब परीक्षण कर 300 करोड़ रूपए का घोटाला किया। उन्होंने 2800 करोड़ रूपए का शराब घोटाला किया। इस घोटाले में उनके मुख्यमंत्री जेल भी गए।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने वादा किया था कि वह यमुना को साफ कर लंदन की टेम्स नदी की तरह बना देंगे और उसमें खुद डूबकी भी लगाएंगे लेकिन छठ पर्व पर माता-बहनों को यमुना के प्रदूषित झागयुक्त पानी में पूजा करने पर मजबूर होना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भाजपा की सरकार होती है, वहां संकल्प पत्र में किए गए सभी वादे पूरे किए जाते हैं। राजस्थान में हमारी सरकार ने 50 से 55 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए। इसी प्रकार दिल्ली में भी डबल इंजन भाजपा सरकार यहां की जनता से किया अपना हर वादा पूरा करेगी।