अमित गोयल भाजपा जयपुर शहर जिला अध्यक्ष निर्वाचित

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के तहत मंगलवार को भाजपा के जिलाध्यक्ष पद पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित गोयल निर्वाचित हुए।

जयपुर शहर निर्वाचन अधिकारी नारायण सिंह देवल ने बताया कि जयपुर शहर जिला अध्यक्ष पद पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमित गोयल निर्वाचित हुए हैं। जिला संगठन चुनाव के दौरान जिला प्रवासी के रूप में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर शहर नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष अमित गोयल को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया और शुभकामनाएं दी। इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, रजनीश चनाना, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ सहित भाजपा पदाधिकारियों ने भी गोयल को शुभकामनाएं दी।

नवनिर्वाचित अमित गोयल लंबे समय से पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। भाजपा जयपुर शहर युवा मोर्चा की कार्यकारिणी से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले अमित गोयल युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला परिषद चुनाव प्रभारी, चार बार के प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सहित विभिन्न पदों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। गोयल राजनीति के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी पूर्ण रूप से सक्रिय है।