लोकसभा चुनाव परिणाम : बिहार में राजग को 30, इंडी 9 और निर्दलीय को मिली एक सीट

पटना। बिहार के 40 संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री आरके सिंह की आरा, पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाह की काराकाट और रामकृपाल यादव की पाटलिपुत्र सीट समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने नौ का नुकसान उठाकर 30 सीट पर जीत का परचम लहराया वहीं आठ सीट की बढ़त लेकर इंडी गठबंधन के खाते में नौ और निर्दलीय की झोली में एक सीट गई।

चुनाव आयोग की ओर से मंगलवार को जारी परिणाम के अनुसार राजग के प्रमुख घटक भाजपा 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 सीट पर जीत दर्ज की, जिनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, अररिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, सारण, उजियारपुर, बेगूसराय, पटना साहिब और नवादा शामिल हैं।

इसी तरह राजग की सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने 16 सीट पर चुनाव लड़कर 12 सीट वाल्मीकिनगर, शिवहर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सुपौल, मधेपुरा, गोपालगंज, सीवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर और नालंदा पर जीत का परचम लहराया।

साथ ही राजग की अन्य सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (लोजपा-आर) ने पांच सीटों वैशाली, हाजीपुर, समस्तीपुर, खगड़िया और जमुई पर चुनाव लड़ा और पांचों सीटें जीत ली। इसी तरह हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने एक सीट गया संसदीय क्षेत्र के चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

वहीं, इंडी गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 23 सीटों पर चुनाव लड़ा लेकिन चार सीट पाटलिपुत्र, बक्सर, जहानाबाद और औरंगाबाद ही जीत पाया। अन्य सहयोगी कांग्रेस तीन सीट किशनगंज, कटिहार और सासाराम तथा भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) ने दो सीट भाजपा की आरा और जदयू की काराकाट पर कब्जा कर लिया। हालांकि पूर्णिया सीट पर बड़ा उलटफेर कर नाटकीय अंदाज में चुनावी रण में निर्दलीय उतरे राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने जीत का झंडा बुलंद किया।

बिहार के इस बार के लोकसभा चुनाव में कई चौंकाने वाले परिणाम भी आए। आरा संसदीय सीट पर भाजपा उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, काराकाट में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) प्रत्याशी एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा एवं भोजपुरी सिने स्टार पवन सिंह, पाटलिपुत्र में भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव, सारण में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य, मधुबनी में राजद के मोहम्मद अली अशरफ फातमी, औरंगाबाद में भाजपा के सुशील सिंह जैसे कई दिग्गज चुनाव हार गए।

जदयू विजित 12 सीटों में वाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र से सुनील कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद उम्मीदवार दीपक यादव को 98 हजार 675 मतों के अंतर से पराजित कर इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा। शिवहर में जदयू प्रत्याशी लवली आनंद राजद उम्मीदवार रितु जायसवाल को 29 हजार 143 मतों के अंतर से पराजित कर दूसरी बार सांसद बनीं।

सीतामढ़ी में जदयू प्रत्याशी एवं बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने राजद उम्मीदवार अर्जुन राय को 51 हजार 356 मतों के अंतर से पराजित किया। साथ ही झंझारपुर संसदीय क्षेत्र में जदयू के रामप्रीत मंडल ने विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) उम्मीदवार सुमन कुमार महासेठ को एक लाख 84 हजार 169 मतों के अंतर से हराया।

इसी तरह सुपौल संसदीय क्षेत्र में जदयू प्रत्याशी दिलेश्वर कामत ने राजद उम्मीदवार चंद्रहास चौपाल को एक लाख 69 हजार 803 मतों के अंतर से पराजित इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा। मधेपुरा में जदयू के दिनेश चंद्र यादव ने राजद के डॉ. कुमार चंद्रदीप को एक लाख 74 हजार 534 मतों के अंतर से हराया।

गोपालगंज में जदयू के डॉ. आलोक कुमार सुमन ने वीआईपी के प्रेमनाथ चंचल उर्फ़ चंचल पासवान को 127180 वोट, सीवान में जदयू की विजय लक्ष्मी देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब को 92 हजार 857 मतों के अंतर से पराजित किया। वहीं, राजद उम्मीदवार सीवान के विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी तीसरे नंबर पर रहे।

भागलपुर संसदीय क्षेत्र में जदयू के अजय कुमार मंडल ने कांग्रेस के अजीत शर्मा को 104868 मतों के भारी अंतर से पराजित कर इस सीट पर लगातार दूसरी बार कब्जा बरकरार रखा है। बांका में जदयू के गिरिधारी यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद प्रत्याशी जयप्रकाश नारायण यादव को 103844 मतों के अंतर से रौंदकर इस सीट पर लगातार दूसरी बार जदयू का कब्जा बरकरार रखा है।

मुंगेर में जदयू के राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने राजद उम्मीदवार कुमारी अनीता को 80870 मतों के अंतर से पराजित कर दिया तथा नालंदा में जदयू के कौशलेन्द्र कुमार ने भाकपा-माले प्रत्याशी एवं पालीगंज के विधायक संदीप सौरभ को एक लाख 69 हजार 114 मतों के अंतर से हराया।

इसी तरह भाजपा की जीती हुई 12 सीटों पश्चिम चंपारण में डा. संजय जायसवाल ने कांग्रेस के मदन मोहन तिवारी को एक लाख 36 हजार 568 मतों के अंतर से पराजित कर इस सीट कब्जा बरकरार रखा। पूर्वी चंपारण में भाजपा के दिग्गज नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने वीआईपी उम्मीदवार डा. राजेश कुमार को 88 हजार 287 मतों से शिकस्त देकर सातवीं बार सांसद बने।

मधुबनी में भाजपा के अशोक कुमार यादव ने राजद प्रत्याशी एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री मोहम्मद अली अशरफ फातमी को 151945 मतों के भारी अंतर से शिकस्त दे दी और अररिया में भाजपा के प्रदीप कुमार सिंह ने राजद के शाहनवाज को कड़े मुकाबले में 20 हजार 94 मतों के अंतर से पराजित कर इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा।

दरभंगा में भाजपा प्रत्याशी गोपालजी ठाकुर ने राजद के ललित यादव को एक लाख 78 हजार 156 मत, मुजफ्फरपुर भाजपा के राजभूषण चौधरी ने कांग्रेस के अजय निषाद को 234927 मत, महाराजगंज में भाजपा के जर्नादन सिंह सिग्रीवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी आकाश कुमार सिंह को एक लाख दो हजार 651 मत, सारण में भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने राजद की रोहिणी आचार्य को कड़े मुकाबले में 13661 मत से हराया।

उजियारपुर में भाजपा उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री नित्यानन्द राय ने राजद के आलोक कुमार मेहता को 60102 मत, बेगूसराय में भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भाकपा के अवधेश कुमार राय को 81480 मत, पटना साहिब में भाजपा उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के अंशुल अविजित को 153846 और नवादा में भाजपा के विवेक ठाकुर ने राजद के श्रवण कुमार को 67670 मतों के अंतर से शिकस्त दी।

राजग के सहयोगी लोजपा-आर की पांच विजित सीटों वैशाली में वीणा देवी ने राजद के विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला को 89634 मत, हाजीपुर में पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने राजद के शिवचंद्र राम को 170105 मत, समस्तीपुर में शांभवी चौधरी ने कांग्रेस के सन्नी हजारी को 187251 मत, खगड़िया में राजेश वर्मा ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के संजय कुमार को 161131 मत और जमुई में अरुण भारती ने राजद की अर्चना कुमारी को 112482 मतों के भारी अंतर से पटखनी दी। इसी तरह हम के अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने गया संसदीय क्षेत्र में राजद उम्मीदवार एवं बोधगया के विधायक कुमार सर्वजित को 101812 मतों के अंतर से हरा दिया।

वहीं, इंडी गठबंधन के घटक राजद चार सीटें जीतीं। इनमें पाटलिपुत्र में पार्टी प्रमुख की पुत्री मीसा भारती ने भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव को 85174 मत, बक्सर में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र एवं पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह ने भाजपा के मिथिलेश तिवारी को 30091, जहानाबाद में सुरेंद्र प्रसाद यादव ने जदयू के चंदेश्वर प्रसाद को 142591 और औरंगाबाद में अभय कुमार सिन्हा ने भाजपा के सुशील सिंह को 79111 मतों के अंतर से चित कर दिया।

गठबंधन के अन्य सहयोगी कांग्रेस ने तीन सीटों किशनगंज में मोहम्मद जावेद ने जदयू के मुजाहिद आलम को 59692, कटिहार में दिग्गज नेता तारिक अनवर ने जदयू के दुलाल चंद्र गोस्वामी को 49863 और सासाराम में मनोज कुमार ने भाजपा के शिवेश राम को 19157 मतों के अंतर से पराजित कर दिया।

इसी तरह भाकपा-माले की जीती हुई दो सीटों आरा में सुदामा प्रसाद ने भाजपा उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री आर. के. सिंह को 59808 और काराकाट में राजाराम सिंह भोजपुरी सिनेमा के स्टार गायक एवं अभिनेता निर्दलीय पवन सिंह को 105858 वोट के अंतर से पटखनी दे दी। इस सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं रालोमो उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा 253876 मत हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे।

पूर्णिया सीट के परिणाम काफी रोचक रहा। निर्दलीय प्रत्याशी राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने जदयू के संतोष कुमार को 23847 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। वहीं, राजद की बीमा भारती को 27120 वोट से ही संतोष करना पड़ा।

लोकसभा चुनाव परिणाम : मध्यप्रदेश के शुरुआती रुझान में 25 सीटों पर भाजपा आगे

लोकसभा चुनाव परिणाम : राजस्थान में भाजपा के 20 से अधिक उम्मीदवार आगे