रामगढ़ में भाजपा प्रत्याशी सुखवंत सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ में हो रहे विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुखवंत सिंह ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

इस अवसर पर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, तिजारा के विधायक बालकनाथ सहित पार्टी कई नेता मौजूद थे।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि उपचुनावों के बाद राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विकास कार्य को गति प्रदान करेंगे। राज्य सरकार ने विकास कार्य गांव से लेकर अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार में रामगढ़ में जल जीवन मिशन के कार्यों में घोटाले किए गए। सड़क नहीं बनाई गईं। कानून-व्यवस्था किस तरह से लचर थी, यह सबके सामने है।

यादव ने कहा कि जब वह लोकसभा का चुनाव लड़े तो रामगढ़ में विकास कार्य को गति देने के लिए बात कही गयी थी। उसी के तहत रामगढ़ और गोविंदगढ़ में लंबी दूरी की ट्रेन रूकवाई गई। अब प्राथमिकता ई-डिजिटल लाइब्रेरी को लेकर है।

उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरीके से एकजुट है जिस तरीके से ज्ञान देव आहूजा ने शांति, सुरक्षा, विश्वास और विकास के लिए काम किया, इस तरह यहां से भाजपा के प्रत्याशी सुखवंत सिंह काम
करेंगे।

इस अवसर पर संजय वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि रामगढ़ की जनता सुशासन और विकास चाहती है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने जितनी भी विकास योजनायें बनाई है, उन्हें पूरी तरह लागू किया जाएगा। जय आहूजा सुखवंत सिंह के सारथी बनकर काम करेंगे और यहां बिना भेदभाव के विकास कार्य किए गए हैं।

विपक्ष कितना भी झूठा प्रचार कर ले, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने 10 महीने के कार्यकाल में बिना भेदभाव के भाजपा या कांग्रेस सहित सभी विधायकों के निर्वाचन क्षेत्र में विकास के कार्य कराए हैं।

कांग्रेस की ओर से आर्यन खान ने रामगढ़ से नामांकन पत्र दाखिल किया