भाजपा सरकार पंचायती राज व्यवस्था को कर रही है कमज़ोर : डोटासरा

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर पंचायती राज व्यवस्था को कमज़ोर एवं चुने हुए जनप्रतिनिधियों का अपमान करने का आरोप लगाया है।

डोटासरा ने सोमवार को यहां अपने बयान में कहा कि प्रदेश में बेलगाम अफसरशाही से तंग आकर एक ही पंचायत समिति के 13 सरपंचों का इस्तीफा विफल भाजपा सरकार में पंचायती राज व्यवस्था को कमज़ोर करना एवं चुने हुए जनप्रतिनिधियों का अपमान करना है।

उन्होंने कहा कि अफसर राज का यह आलम स्वयं उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा के विधानसभा क्षेत्र दूदू की फागी पंचायत समिति का है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों की मनमर्जी के चलते जनता के काम ठप पड़े हैं, सरपंचों की कोई सुनवाई नहीं हो रही क्योंकि अफसरशाही के आगे राज्य सरकार बेबस है।