हरियाणा में भाजपा की प्रचंड जीत मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में अटूट विश्वास की जीत : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा में भाजपा के प्रभारी डा सतीश पूनियां ने हरियाणा के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत को किसानों, गरीबों, पिछड़ों, जवानों और युवाओं का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा-एनडीए सरकार में अटूट विश्वास की जीत बताते हुए कहा है कि यह जीत विकसित हरियाणा से लेकर विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

चुनाव बाद हरियाणा से मंगलवार को जयपुर पहुंचे डा पूनियां ने भाजपा की जीत पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उनके जयपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और उन्हें हरियाणा जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन स्वीकार किया।

पूनियां ने इस जीत पर किसानों, खिलाड़ियों और जवानों की देवतुल्य भूमि हरियाणा की जनता को नमन किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी बार यह जीत विश्व के लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी नीतियों पर हरियाणा की जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा की जीत का श्रेय भाजपा केंद्रीय नेतृत्व, विकसित भारत के शिल्पकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के सभी प्रमुख नेताओं और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को जाता है, जिन्होंने एक मजबूत और परिश्रमी टीम के रूप में काम कर एक अच्छी रणनीति के जरिए जीत हासिल की, यह जीत सभी 36 कौम की है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली और भाजपा हरियाणा के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं का हार्दिक अभिनंदन करता हूं और जनता-जनार्दन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिनके अथक परिश्रम से हरियाणा में तीसरी बार प्रचंड बहुमत की भाजपा सरकार बनी है।

राजस्थान में भाजपा ने हरियाणा में पार्टी की जीत पर मनाया जश्न