भाजपा नेता सतीश पूनियां का हुआ अपेंडिक्स का ऑपरेशन

जयपुर/रोहतक। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा के हरियाणा प्रभारी डा सतीश पूनियां का हरियाणा के रोहतक में मंगलवार देर रात अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा के विजय संकल्प अभियान में दो महीने से अधिक समय से निरंतर अथक परिश्रम कर रहे डॉ पूनियां के पेट में मंगलवार रात को अचानक तेज दर्द हुआ। इसके बाद उन्हें रोहतक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जांच में उन्हें अपेंडिक्स होने की जानकारी सामने आने पर चिकित्सकों ने देर रात अपेंडिक्स का सफल ऑपरेशन किया, अब चिकित्सकों की सलाह के अनुसार वह कुछ दिन स्वास्थ्य लाभ पर रहेंगे।

हालांकि वह आज अस्पताल से ही दूरभाष के माध्यम से चुनाव प्रबंधन में जुटे रहे और ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद ही उन्होंने अस्पताल में भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली, प्रदेश संगठन महामंत्री फ़णीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता सहित प्रदेश टीम के साथ अस्पताल में ही चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा कर हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व से लेकर भाजपा हरियाणा एवं भाजपा राजस्थान प्रदेश नेतृत्व एवं अन्य पार्टियों के नेताओं ने डा पूनियां के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं अर्जुनराम मेघवाल, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं चुनाव सह प्रभारी विप्लव देव, हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडोली, सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, भाजपा राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्थान मंत्री मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ एवं सुमित गोदारा, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हरिराम रणवां सहित प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों, सांसदों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने डा पूनियां के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।