भाजपा सदस्यता अभियान में अग्रणी रहेगा अजमेर : संतोष अहलावत

ओमप्रकाश भड़ाना बोले, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सिपाही तैयार होंगे
अजमेर। भारतीय जनता पार्टी शहर जिला अजमेर की ओर से पार्टी सदस्यता अभियान को लेकर प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व सांसद संतोष अहलावत ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अजमेर में सदस्यता अभियान पूर्ण गति से चल रहा है। यहां एक दिन में एक कार्यकर्ता 100 सदस्य बना रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अजमेर सदस्यता अभियान में प्रदेश में एक नंबर पर रहेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व में सबसे बड़ी पार्टी है। हमारी निष्ठा, कार्य शैली और देश के प्रति समर्पण होने का भाव ही आम जन को हमसे जुड़ने को प्रेरित करता है। बीजेपी एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसका सामान्य कार्यकर्ता भी पार्टी के उच्च पद तक पहुंच सकता है। हम राष्ट्र को माता मानते है जबकि विश्व में सिर्फ भूमि। यहीं विचार भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान दिलाता हैं।

इस मौके पर देवनारायण बोर्ड के चैयरमेन ओमप्रकाश भड़ाना ने कहा कि हम केडर बेस पार्टी के कार्यकर्ता हैं। बीजेपी के सदस्यता अभियान की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधिवत शुरुआत की ओर देखते ही देखते यह अभियान गति पकड गया। देश में करीब 1500 राजनीतिक दल हैं पर कार्यकर्ताओं को सम्मान सिर्फ बीजेपी में मिलता है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान सिर्फ संख्या बढ़ाना नहीं बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सिपाही तैयार करना है। वर्तमान में भारत दुनिया को दिशा दे रहा है। यह बीजेपी के शासन और नेतृत्व में संभव हो पाया है।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की सोच थी कि वर्तमान में जो मतदाता है उनमें से ही सदस्य बनेंगे। यही सदस्य बाद में पार्टी के पदाधिकारी और फिर इनमें से ही राष्ट्र को नेतृत्व प्रदान करने की क्षमता वाले तैयार होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि अजमेर में सदस्यता बनाने का लक्ष्य जरूर पूरा होगा। 2 सितंबर से आरंभ हुआ यह सदस्यता अभियान 15 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद कार्यकर्ता सक्रिय सदस्यता अभियान में जुट जाएंगे। सदस्यता अभियान में समाज के हर वर्ग को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सदस्यता अभियान के जरिए राष्ट्र निर्माण और भारत माता को परम वैभव पर विराजित करने के प्रयास में जुट जाएं।

शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने सदस्यता अभियान को लेकर प्रगति से अवगत कराते हुए कहा कि अजमेर में 13 मंडलों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित हो चुकी है। हाल ही में अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाया गया। हर बूथ से 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर अरविंद यादव, अनीष मोयल, संतोष मौर्य, राजेश भाटी, रछित कछावा आदि मौजूद रहे।

पुष्कर में भाजपा का सदस्यता अभियान का आगाज

अजमेर जिला देहात भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान का आगाज गुरुवार को तीर्थगुरु पुष्कर से हुआ। सदस्यता अभियान कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, राज्य के जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत, विधायक नसीराबाद राम स्वरूप लांबा, मसूदा विधायक वीरेंद्र कानावत, पूर्व जिला प्रमुख सरिता गैना, पुष्कर नगर परिषद अध्यक्ष कमल पाठक सहित अनेक स्थानीय नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभी ने सामूहिकता से पवित्र पुष्कर सरोवर की पूजा की और संगठन के जिला स्तरीय सदस्यता अभियान का आगाज किया। कमोबेश सभी ने ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनने पर जोर देते हुए, देश को मजबूत बनाने ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ की ताकत बनने का आह्वान किया।
अजमेर देहात भाजपा जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा ने कहा कि मोदी ने भी मिस्डकॉल के जरिये संगठन सदस्यता ग्रहण की है। हम सबको भी पार्टी की नीति के तहत बढ़-चढ़कर सदस्य बनकर भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाना है।