सांसद धीरज साहू के ठिकानों पर अरबों रुपए मिलने के विरोध में भाजपा का जयपुर में प्रदर्शन

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शनिवार को झारखंड के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के ठिकानों से 300 करोड़ से अधिक कैश और तीन बैग ज्वेलरी मिलने के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदेश भाजपा की ओर से शनिवार को भाजपा मुख्यालय स्थित चौमूं हाउस सर्किल पर यह प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सर्किल पर पुतला दहन कर विरोध जताया।

इस दौरान प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक और पूर्व सांसद नारायण पंचारिया, मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, विधायक बालमुकुंद आचार्य एवं भजनलाल, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष राघव शर्मा और आदर्श नगर से भाजपा प्रत्याशी रहे रवि नय्यर समेत अन्य नेता मौजूद रहें।

गोपाल शर्मा के नेतृत्व में 22 गोदाम से कार्यकर्ता चौमूं हाउस सर्किल पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। इस अवसर पर गोपाल शर्मा ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को भ्रष्टाचार से मुक्त करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, क्षेत्रीय दल भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाएंगे, वे जेल की हवा भी खाएंगे और उसे पाई-पाई का हिसाब भी देना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीते पांच वर्षों तक शासन कर चुकी गहलोत सरकार में जमकर भ्रष्टाचार हुआ हैं। देश में जहां-जहां कांग्रेस का शासन है, वहां भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका हैं। यह घटना जहा करोड़ों रुपए की बरामदगी यह दर्शाती है कि किस प्रकार कांग्रेस के नेता भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।