योग दिवस पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने मिटाया सिरोही भाजपा का रोग!

योग दिवस पर निजी होटल के कार्यक्रम में योगरत भाजपा जिलाध्यक्ष।
योग दिवस पर निजी होटल के कार्यक्रम में योगरत भाजपा जिलाध्यक्ष।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। जिला भाजपा में इस बात की खुशी है कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने इशारों इशारों में सिरोही जिला भाजपा को प्राइवेट लिमिटेड फर्म की तरह से संचालित करने के रोग को मिटाने का इशारा कर दिया है। सूत्रों के अनुसार प्रदेश भाजपा की ओर से पंद्रह अगस्त तक संचालित किए जाने वाले सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा के लिए सभी जिलों के अध्यक्षों और प्रमुख पदाधिकारियों से साथ की गई वर्च्युअल बैठक में उन्होंने इशारों ही इशारों में अप्रत्यक्ष रूप से जो कहा उसे सिरोही भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए एक गतिरोध माना जा रहा है।

जो बोले वो गौर करने लायक

सूत्रों के अनुसार वर्च्युअल बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि बिना प्रदेश संगठन की अनुमति के कोई भी जिलाध्यक्ष कोई नियुक्ति नहीं करेगा। इतना ही नहीं उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से ये भी निर्देश दे दिए किए बिना प्रदेश संगठन की अनुमति के जिलाध्यक्षों ने कोई मनोनयन किया भी है तो उसे तुरंत निरस्त कर देवें।

यही नहीं उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों को सीधे तोर पर कहा कि प्रदेश संगठन की सहमति के बिना लेटरहैड पर प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशानुसार किसी का भी मनोनयन करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की आवश्यकता है। इतना ही नहीं ये भी निर्देश दिए कि जब तक प्रदेश अध्यक्ष से किसी मनोनयन की कोई अनुमति नहीं आती तब तक प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशानुसार लिखकर कोई भी जिला पदाधिकारी मनोनयन नहीं करेगा।

बताया जा रहा है कि उन्होंने ये भी कहा कि अगले चुनावों तक जिलों में इस तरह से किसी भी तरह का मनोनयन और किसी को हटाने का काम नहीं किया जब तक प्रदेशाध्यक्ष से लिखित अनुमति नहीं आ जाए। उन्होंने ये भी हिदायत दी कि पसंद नहीं होने के आधार पर काम करने वाले किसी पदाधिकारी को हटाने की परम्परा पर बिल्कुल विराम लगाया जाए, जरूरत हो तो इसके लिए प्रदेश से अनुमति का इंतजार किया जाए।

सिरोही में गोपाल माली और मनीष लखारा के फेसबुक प्रोफाइल पर लिखी सेम डेजिग्नेशन।
सिरोही में गोपाल माली और मनीष लखारा के फेसबुक प्रोफाइल पर लिखी सेम डेजिग्नेशन।

एक पद पर जिले में दो पदाधिकारी

भाजपा भले ही एक देश दो विधान नहीं चलाने की बात करती रही हो लेकिन, भाजपा सिरोही जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी की कथित मनमानी से मोर्चों में जिले में एक पद दो व्यक्ति बैठाए जा चुके है। ऐसे मे ंसंगठन में ये कशमकश बरकरार था कि कौनसा जिलाध्यक्ष काम करेगां। इस कशमकश को योग दिवस को लेकर मोर्चों के प्रदेशाध्यक्षों के साथ हुई मोर्चों से अपदस्थ किए गए जिलाध्यक्षों की वर्च्यूअल बैठक के बाद दूर कर दिया गया।

इसमें मोर्चा प्रदेशाध्यक्षों के साथ सुरेश कोठारी के द्वारा अपदस्थ किए गए जिला युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, ओबीसी मोर्चा आदि के जिलाध्यक्षों की बैठक में इन्हें योग दिवस के लिए मंडल स्तर पर संयोजक नियुक्त करने के निर्देश दिए।
इसके बाद युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गोपाल माली, महिला मोर्चा अंशु वशिष्ठ और ओबीसी मोर्चा के अमराराम ने संयोजक नियुक्त कर दिए।

ये प्रेस नोट जारी होते ही जिले में फिर से कौन है किस मोर्चों के जिलाध्यक्ष मुद्दा गर्मा गया। दरअसल, योग दिवस के संयोजकों के प्रेस नोट होने के बाद सबसे ज्यादा अफसोस लोगों को सुरेश कोठारी द्वारा स्थानीय स्तर पर ही नियुक्त किए गए युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मनीष लखारा को लेकर हुआ। सोशल मीडिया एकाउंट पर दोनो ने अपनी डेसिग्नेशन भाजयुमो जिलाध्यक्ष दे रखी है।

सुरेश कोठारी के द्वारा मनीष लखारा को भाजयुमो जिलाध्यक्ष घोषित किये जाने के बाद सांतपुर पुल से निकलता काफिला।
सुरेश कोठारी के द्वारा मनीष लखारा को भाजयुमो जिलाध्यक्ष घोषित किये जाने के बाद सांतपुर पुल से निकलता काफिला।

सुरेश कोठारी के द्वारा मनोनयन पत्र जारी किए जाने के बाद ही लखारा जगह जगह स्वागत करने और ओपन जीप में वरघोडा निकालने के कार्यक्रम में शामिल होने लगे थे। उनके सोशल मीडिया अकॉउंट पर साझा किए गए वीडियो में एक एरियल शॉट भी है। सांतपुर ओवरब्रिज पर लिया गया ये एरियल शॉट बता रहा कि लखारा के गाड़ियों के काफिले का आगे मुख्यमंत्री भजनलाल का काफिला फीका है। काफिले भव्यता ऐसी की साउथ मूवी के नेता फेल हो जाएं।

अब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और मोर्चों के प्रदेशाध्यक्षों के द्वारा अपदस्थ जिलाध्यक्षों को यथावत काम करने के निर्देश के बाद सुरेश कोठारी के द्वारा नियुक्त मोर्चा जिलाध्यक्ष, जिलाध्यक्ष इन वेटिंग की भूमिका में आ गए हैं।

संगठन के योग कार्यक्रम से दूरी!

जिला भाजपा में मची मनमानी और उठापटक का असर जिले मे भाजपा के कार्यक्रमों पर भी पडा। भाजपा सरकार बनने के बाद जिलास्तर पर वृहद स्तर पर हुए योग दिवस कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों के नहीं पहुंचने की एक वजह भाजपा जिला संगठन के द्वारा मनोनयनों में की गई मनमानी से उपजा असंतोष भी बताई जा रही।

खुद भाजपा जिलाध्यक्ष भी सिरोही जिला मुख्यालय पर जिला प्रशासन की ओर से और आबूरोड के शांतिकुंज उद्यान में आयोजित भाजपा नगर मंडल के योग कार्यक्रम मे नहीं नजर आए। भाजपा संगठन में इसके पीछे की एक वजह प्रदेशाध्यक्ष के आदेश के बाद अपदस्थ मोर्चा जिलाध्यक्षों की पुनर्बहाली की वजह से छाई निराशा बताई जा रही है।
लेकिन, ऐसा नहीं है कि उन्होंने योग नही किया। उन्होंने योग किया भी और एक भाजपा नेता ने उनका फोटो अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड भी किया।

इस पर लिखी पोस्ट के अनुसार सुरेश कोठारी ने रीको क्षेत्र में स्थित एक रिसॉर्ट की ओर से आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उनके साथ जिला संगठन के उनके करीबी नेता भी शामिल थे। इससे कयास लगाया जा रहा है कि जिले में संगठन के हालातों के कारण भाजपा नेता ने योग दिवस के कार्यक्रम से दूरियां बनाई है। यही नहीं ये हालात बता रहे हैं कि जिले में भाजपा में पसंद नापसंद के हिसाब से काम हो रहा है।

वैसे एक दलील ये भी दी जा रही है कि जिलाध्यक्ष को आबूरोड नगर मंडल की ओर से आयोजित योग कार्यक्रम की सूचना नहीं दी गई थी, लेकिन आबूरोड भाजपा के समूहों में आबूरोड नगर मडल की ओर से प्रसारित सूचना में जिलाध्यक्ष, पालिका अध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के नेतृत्व में योग कार्यक्रम के आयोजन का हवाला दिया गया था। संगठन के कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष का नाम बिना उनसे अनुमति के दिये जाने की बात गले से उतरने वाली नहीं है।