चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव में हैट्रिक लगाने वाली भारतीय जनता पार्टी को शहरी निकाय चुनाव में भी जीत हासिल हुई है और कांग्रेस को झटका लगा है।
बुधवार को जारी परिणामों के अनुसार मानेसर, जहां निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे हैं, को छोड़कर नौ निगमों में भाजपा का मेयर बना है। कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले रोहतक में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है।
नतीजों के अनुसार गुरुग्राम से राज रानी, फरीदाबाद से प्रवीण जोशी, हिसार से प्रवीण पोपली, रोहतक से राम अवतार वाल्मीकि, करनाल से रेनू बाला, अंबाला से शैलजा सतबाला, यमुनानगर से सुमन, सोनीपत से राजीव जैन और पानीपत से कोणाल सैनी विजयी रहे हैं। यह सभी भाजपा प्रत्याशी हैं। मानेसर से निर्दलीय इंद्रजीत यादव ने जीत हासिल की है।
नतीजों ने साबित किया कि जनता विकास के साथ:सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विधान सभा में स्थानीय निकाय चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज के नतीजों ने यह साबित कर दिया कि हरियाणा की जनता विकास, पारदर्शिता और सुशासन के साथ है। सैनी ने कहा कि इन चुनावों में जनता ने बड़े बहुमत के साथ प्रदेश के नॉनस्टॉप विकास के लिए शहरों को बुधवार को ‘तीसरा इंजन’ दिया है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने के मार्ग में ग्रामीण आंचल के साथ साथ शहरों की एक बड़ी जिम्मेवारी है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि नए चुने हुए नेतृत्व में शहरों की सरकारे जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य और जन सेवा को और अधिक गति प्रदान करेंगी।
उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए निकाय चुनावों के लिए प्रदेश की जनता, राज्य चुनाव आयोग और चुनाव की प्रक्रिया से जुड़े तमाम अधिकारियों व कर्मचारियों का भी धन्यवाद व्यक्त किया।
भाजपा की विकास नीतियों पर जनता की मुहर : बड़ौली
हरियाणा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव में मिली जीत भाजपा की विकास नीतियों पर जनता की मुहर है। बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा को मिला ऐतिहासिक समर्थन यह साबित करता है कि जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी के सुशासन, पारदर्शिता और विकास चाहती है।
उन्होंने भाजपा की जीत को हरियाणा के लोगों की भावनाओं की जीत बताया। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों को जीत की बधाई दी साथ ही हरियाणा की देवतूल्य जनता का आभार जताया। उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पूरी दुनिया में जनता का मान और सम्मान बढ़ाने का काम किया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी प्रदेश की जनता के दिलों को जीत रहे हैं। इसी का परिणाम है कि नगर निकाय चुनाव में जनता ने भाजपा प्रत्याशियों को आशीर्वाद देकर विजयी बनाने का काम किया है।