राजस्थान उपचुनावों में सभी सीटों पर भाजपा जीतेगी : मदन राठौड़

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विधानसभा उपचुनावों की सभी सात सीटों पर जीत का दावा करते हुए कहा कि हरियाणा के साथ कश्मीर में भी भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिला है।

राठौड़ ने बुधवार को यहां कहा कि उपचुनावों में भी राज्य की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्याें और योजनाओं के आधार पर भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताकर विधानसभा भेजेगी। विपक्षी दल ने विधानसभा चुनावों में भ्रम फैलाने का काम किया था, लेकिन जनता के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करवाई, अब उपचुनावों में भी सभी सात सीटों पर भाजपा प्रत्याशी जीतेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने पांच वर्ष तक होटल और रिसोर्ट से चलने वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को देखा है, कुर्सी बचाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नकारा, निकम्मा जैसे अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे, लेकिन अब राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार जनता के लिए काम कर रही है और जनता के सरोकार से जुड़ी है।

राजस्थान के युवाओं के सपने साकार करने के लिए एक ओर भर्ती कैलेंडर जारी किया जा रहा है, तो दूसरी ओर राइजिंग राजस्थान के माध्यम से रोजगार लाने के लिए निवेशकों से करार किए जा रहे हैं। इसकी बानगी राजस्थान में फिल्म सिटी के लिए करार और फिर जमीन आवंटन की कार्यशैली को देखा जा सकता है।

राठौड़ ने कहा कि भाजपा उपचुनावों में सरकार के विकास के कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी और कांग्रेस से सीटें छीनने के साथ सभी सीटों पर जीत दर्ज कराएंगे। भाजपा में टिकट वितरण केंद्रीय नेतृत्व जनता की राय और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर करता है। इसमें किसी का चेहरा नहीं देखा जाता बल्कि व्यक्ति की निष्ठा, सेवाभाव और कर्त्तव्य परायणता के साथ जनता का मत देखा जाता है।

वर्तमान में बदले हुए समीकरणों के अनुसार टिकट का वितरण होगा। कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों में भ्रम फैलाया, लेकिन अब समीकरण अलग है। जो जन सेवा के लिए मैदान में है, उसको उतारा जाएगा। भाजपा ऐसा संगठन है जहां एक राय होकर काम करते है।