अजमेर में वरिष्ठ कांग्रेस जन सम्मान समारोह में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने फूंका द्रौपदी कोली का पुतला

अजमेर। नगर निगम अजमेर में प्रतिपक्ष नेता तथा अजमेर दक्षिण प्रत्याशी डाॅ द्रौपदी कोली की ओर से भजनगंज क्षेत्र में आयोजित वरिष्ठ कांग्रेस जन सम्मान समारोह हंगामे की भेंट उस समय चढ़ गया, जब भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिन्दुत्व के खतरे का आरोप लगाते द्रौपदी देवी का मौके पर ही पुतला भी फूंक दिया। इस दौरान कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए, जिससे तनाव बन गया। बाद में पुलिस के दखल से मामला शांत कराया गया।

अजमेर में दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में वर्षों पुराने विश्वनाथ मंदिर परिसर में बने सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण द्रोपदी कोली की ओर से रखा गया। इसकी भनक लगते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया।

भाजपा के प्रशांत यादव ने आरोप लगाया कि निगम के धन से बने सामुदायिक भवन में अब असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि आए दिन होने वाली पार्टियों में शराब का सेवन एवं असामाजिक कृत्य होंगे। जिससे हिन्दुओं की भावनाएं आहत होंगी और सनातन धर्म को खतरा उत्पन्न होगा।

इन लोगों ने द्रौपदी देवी का पूतला फूंक कर विरोध दर्ज कराया, जबकि कांग्रेस के डाॅ ईश्वर राजोरिया ने कहा कि भाजपा के लोग हंगामा किस बात के लिए कर रहे हैं। समझ से परे है। वरिष्ठ कांग्रेस जनों के सम्मान समारोह में भाजपा कार्यकर्ता गुण्डागर्दी पर उतर आए, यह शोभाजनक नहीं है।

कार्यक्रम में पूर्वमंत्री डाॅ रघु शर्मा, विधायक किशनगढ़ विकास चौधरी, आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ एवं डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पूर्व विधायक डा.श्रीगोपाल बाहेती, डाॅ राजकुमार जयपाल, शहर अध्यक्ष विजय जैन, दक्षिण क्षेत्र से पिछले चुनाव में उम्मीदवार रहे हेमंत भाटी आदि अतिथि के रूप में आमंत्रित थे, लेकिन रामचंद्र चौधरी को छोड़कर सभी ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी।