CM भजनलाल शर्मा व जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने ली जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने आज मुख्यमंत्री निवास पर जल संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौते एवं राज्य की अन्य प्रमुख जल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। राम जल सेतु लिंक परियोजना को लेकर व्यापक चर्चा हुई, जिसमें इसके माध्यम से प्रदेश के जल संकटग्रस्त क्षेत्रों तक जल पहुंचाने की कार्ययोजना पर विचार विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कि राज्य सरकार प्रदेश में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संकल्पबद्ध है। जल संसाधनों के समुचित दोहन एवं प्रबंधन से हम न केवल किसानों को सिंचाई जल उपलब्ध कराएँगे, बल्कि पेयजल की समस्याओं को भी दूर कर सकेंगे। राम जल सेतु लिंक परियोजना इस दिशा में एक ऐतिहासिक पहल होगी। हम सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करना सुनिश्चित करेंगे।

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश के जल संसाधनों का वैज्ञानिक और सतत् उपयोग हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हम जल संरचनाओं को मजबूत कर रहे हैं। यमुना जल समझौते की दिशा में केंद्र सरकार से भी समन्वय स्थापित कर रहे हैं ताकि राजस्थान को उसका न्यायोचित जल हक मिल सके।

बैठक में विभागीय प्रमुख सचिव, अभियंता प्रमुख एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की मॉनिटरिंग नियमित रूप से की जाए और जनता को उनकी प्रगति की जानकारी दी जाए।