कांग्रेस की ओर से आर्यन खान ने रामगढ़ से नामांकन पत्र दाखिल किया

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ में हो रहे विधानसभा के उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी आर्यन खान ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, कांग्रेस के विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली, मुंडावर विधायक ललित यादव, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के चेहरे पर घबराहट झलक रही है, क्योंकि इन्होंने 10 महीने में कोई कार्य नहीं किया। जनता को बेवकूफ बनाया है। राज्य सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। ये बड़े-बड़े चेहरे ला रहे हैं। सरकार के मंत्री यही हैं और मुख्यमंत्री भी आने वाले हैं। उनके चेहरे पर घबराहट है।

उन्होंने कहा कि जुबेर खान का रामगढ़ से परिवार का रिश्ता था, इसलिए वह जनमानस में छाये हुए थे। यह पहले तय था कि टिकट किसको मिलेगा, लेकिन जनता हमारे साथ है और हम जनता के दम पर चुनाव लड़ रहे हैं। सिंह ने कहा कि जुबेर खान ने विधायक रहते हुए यहां इतने विकास कार्य कराए हैं कि जनता उनके कामों को याद करती है।

जूली ने कहा कि यह भाजपा की सरकार पूरी तरह से विफल है। यह पर्ची की सरकार है। उन्होंने कोई काम नहीं किया और विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक परिणाम कांग्रेस के पक्ष में होंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार के मंत्रियों की नहीं चल रही है।

विधायक यह कहते हैं कि हम जनसुनवाई कहां करें और कैसे करें। आज मुख्यमंत्री आ रहे हैं। इससे पहले 10 महीने पहले जब पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) की मंजूरी मिली थी तो यहां पर आये थे, लेकिन क्या हुआ। कितना विकास कार्य हुआ। कितनी योजनाओं की घोषणा की गई।

जूली ने कहा कि यहां भय पैदा करके चुनाव लड़ना चाहते हैं। यहां पर विकास के नाम पर वोट मांगें। उम्मीदवार के नाम पर वोट मांगे। ईआरसीपी की योजना कब तक यहां आएगी कोई पता नहीं है। सरकार पूरी तरीके से विफल हुई है।