बारां/बीकानेर। राजस्थान में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के मंत्री अविनाश गहलोत द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर की गई टिप्पणी और कांग्रेसी विधायकों सहित प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा के निलंबन के विरोध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बीकानेर में प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा कि गैर भाजपाई प्रधानमंत्रियों खासतौर से कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का अपमान करना और उनको निशाना बनाना भाजपा के नेताओं की आदत में शुमार हो गया है। उनको लगता है कि देश में सिर्फ वे ही लोग हैं, जो देशभक्त हैं और बाकी नेताओं का योगदान इस देश में कुछ नहीं।
ऐसा ही वक्तव्य कल गहलोत का रहा और जब कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने इसका विरोध करके माफी मांगने की बात कही, तो उलटा उन कांग्रेसी विधायकों को ही सदन से निलंबित कर दिया गया, जो साबित करता है कि भाजपा शासन डंडे के जोर पर चलाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस भी पीछे हटने वाली नहीं है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री बुलाकीदास कल्ला ने कहा कि जिस तरह देश की पूर्व प्रधानमंत्री के लिए असम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया वह सही नहीं है। इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को चाहिए कि वह मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए माफी मांगें। जिन लोगों ने देश की रक्षा के लिए, लोकतंत्र के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए हों, उनके लिए व्यंग्यात्मक टिप्पणी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पूर्व मंत्री वीरेंद्र बेनीवाल ने कहा कि जिस समय देश के पास साधन नहीं थे, उस वक्त अमरीका को सीधे चुनौती देने वाली प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल भारतीय राजनीति में सही नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मंगलाराम गोदारा ने कहा कि जिन्होंने देश के लिये अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया हों, जिनके लिए देश की एकता पहले हो ऐसे व्यक्तित्व पर भाजपा मंत्री की टिप्पणी किसी भी सूरत में सही नहीं ठहराई जा सकती। उन्हें माफी मांगनी होगी।
पूर्व मंत्री लक्ष्मण कड़वासरा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, जिनको भारत ही नहीं संपूर्ण विश्व में पूजा जाता है, उनके खिलाफ टिप्पणी भाजपाई सोच का नमूना है। गहलोत की टिप्पणी कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।
सभी वक्ताओं ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा सहित सभी विधायकों के निलंबन तुरंत रद्द करने की मांग की। देहात संगठन महासचिव प्रह्लाद सिंह मार्शल ने बताया कि विरोध प्रदर्शन को अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने भी सम्बोधित किया।
बारां में कांग्रेसजनों का प्रदर्शन
बारां। राजस्थान विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर कथित टिप्पणी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा सहित छह कांग्रेस विधायकों के निलम्बन के विरोध में कांग्रेसी पार्टी के प्रदेशव्यापी आह्वान पर शनिवार को कांग्रेसजनों ने शहर के प्रताप चौक पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा ने पूर्व प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी एवं कांग्रेस विधायकों के निलंबन को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की तरह अब विधानसभा में भी विपक्ष की आवाज दबाने का तरीका अपनाया है।
एक मंत्री द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी की गई और जब कांग्रेस विधायकों ने इसका विरोध किया, तो उन्हें सदन से निलंबित कर दिया गया। कांग्रेस सेवा दल जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव ने कहा कि देश के लिए जान देने वाली इंदिरा गांधी पर की गई अपमानजनक टिप्पणियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।