अजमेर। राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका चौधरी ने बुधवार को नारी न्याय शक्ति सम्मान कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर प्रियंका चौधरी के नेतृत्व में पुष्कर रोड स्थित सेन्चुरी स्कूल में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सारिका चौधरी ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद मेरा गंगा-जमुना तहजीबी धरती अजमेर मे पहली बार आगमन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के रिए राष्ट्रीय स्तर से चलाई जा रही मुहिम को गति देते हुए महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग की जा रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बैसाखी की सरकार ‘बेटी बचाओ बेटी पढाओ’ के वादे कर रही है पर महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण पर चुप्पी साधे हुए है।
महिलाओं के उत्थान के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लाम्बा के नेतृत्व में इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में जंतर-मंतर पर घेराव कर सरकार से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग की जाएगी।
इसी कडी में अजमेर नारी न्याय शक्ति सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिलाओं के इस कार्यक्रम में भागीदारी निश्चततौर पर आने वाले दिनों में संगठन को मजबूती प्रदान करेगी।
देश के वर्तमान हालातों पर सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी, नारी न्याय, किसानों व युवाओं के उत्थान के विषय पर चर्चाएं की जानी चाहिए परन्तु सरकार अर्नग्ल विषयों पर बातचीत कर मुख्य विषयों से देश की जनता को भटका रही है।
कांग्रेसी नेता राहुल गांधी जातीय जनगणना के मुद्दे को संसद में उठा रहे हैं, जिस पर सरकार को ध्यान देना चाहिए साथ ही महिलाओं के 33% आरक्षण के मुद्दे पर भी सरकार को मंथन करना चाहिए।
प्रियंका चौधरी ने बताया कि लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग के साथ प्रदेश भर में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेश भर में नारी न्याय शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।