जयपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बांग्लादेेश हिंसा पर दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद अब कांग्रेस नेताओं को एक बार फिर हिंदू याद आने लगे है।
राठौड़ ने रविवार को भाजपा कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि दिल्ली चुनाव में तुष्टीकरण के चलते धर्म विशेष को खुश करने के लिए इतने दिन किसी भी कांग्रेस नेता के मुंह से बांग्लादेश हिंसा पर एक शब्द नहीं निकला लेकिन दिल्ली चुनाव के नतीजे आने के बाद एक बार फिर कांग्रेस नेताओं ने छद्म हिंदुत्व का राग अलापना शुरू कर दिया है। सदैव तुष्टीकरण की बात करने वाले भी अब हिन्दु हितों की बात करने लगे हैं यह अच्छी बात हैं।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश हिंसा को लेकर केन्द्र सरकार कूटनीतिक रूप से वहां की सरकार पर दवाब बना रही है। केन्द्र सरकार एवं विदेश मंत्रालय में समय समय पर बंगलादेश के दूतावास एवं बांग्लादेश सरकार को हिन्दुओं पर हो रहे हमलों को रोकने का कड़ा सन्देश दिया हैं साथ ही विदेश मंत्रालय पूर्ण स्थिति पर निगाह बनाऐ हुए है।
केन्द्र सरकार के साथ ही भाजपा ऐसी अमानवीय घटनाओं की पूर्णतः रोकथाम के लिए निरन्तर प्रयासरत हैं वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व के अनेक लोकतांत्रिक देशों से बात कर उन देशों द्वारा भी बांग्लादेश पर यथोचित दबाव बनाने का निरन्तर प्रयास किया हैं। केन्द्र सरकार के इन प्रयासों के कारण ही बांग्लादेश में निर्मम अमानवीय हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगा हैं।
राठौड़ ने राज्य सरकार के पुजारियों के मानदेय बढोतरी के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ तुष्टीकरण किया था, एक ही धर्म को आगे बढाने का कार्य किया। हम सभी धर्मो का सम्मान करते है। मंदिरों को कांग्रेस सरकार ने कोई सहयोग नहीं किया उल्टा मंदिरों पर टैक्स लगाए। देवस्थान विभाग ने अंडरटेकिंग करने का काम किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पवित्र स्थल कुंभ में जाकर मंत्रिमंडडल की बैठक की और पुजारियों का मानेदय बढाया।
उन्होंने कहा कि यह सही है कि असत्य ज्यादा दिन नहीं चल सकता। अन्ना हजारे के आंदोलन से उपजी देशवासियों की भावनाओं को केजरीवाल ने हथियार बनाया और आम आदमी के नाम का सहारा लेकर दिल्ली की सत्ता हासिल की। इसके बाद केजरीवाल और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी आकंठ भ्रष्टाचार में डूब गए थे। उनके ऐसे कारनामो को देखकर लगता है कि आम आदमी पार्टी का लंबा भविष्य नहीं है।
दिल्ली चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि मोदी ही स्वच्छ औैर भ्रष्टाचार मुक्त शासन दे सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के बाद अब बिहार के चुनावों में भी भाजपा जीत का परचम लहराएगी।