नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले महापौर तथा उप महापौर के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी क्रमश: सरदार राजा इकबाल सिंह और जय भगवान यादव ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।
इन दोनों प्रत्याशियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद योगेंद्र चंदोलिया, सांसद कमलजीत सेहरावत की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया।
इससे पहले दिल्ली भाजपा ने नामांकन दाखिल करने के आखिरी सोमवार को दोनों उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दोनों प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली को मिलेगा मज़बूत नेतृत्व दिल्ली का विकास ही भाजपा की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा ने महापौर चुनाव के लिए संगठनात्मक अनुभव और जमीनी जुड़ाव को प्राथमिकता देते हुए प्रत्याशियों की घोषणा की है। महापौर पद के लिए राजा इकबाल सिंह और उप-महापौर पद के लिए जय भगवान यादव को उम्मीदवार बनाया है।गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर और उप महापौर का चुनाव 25 अप्रैल को होने वाला है।