जल ही कल है और जल ही जीवन है : भागीरथ चौधरी

फॉयसागर झील पर जिला स्तरीय जल महोत्सव
अजमेर। राज्य सरकार की पहल पर अच्छी वर्षा के बाद ईश्वर व इन्द्र देव के आभार के साथ पहली बार जल महोत्सव मनाया गया। फॉयसागर झील पर आयोजित जिला स्तरीय महोत्सव में जल की पूजा एवं आरती की गई। मंत्रोच्चारण एवं हरि नाम संकीर्तन के साथ आध्यात्मिक माहौल में सैकडों लोग झील पर जुटे एवं ईश्वर का आभार जताया।

इस मौके पर केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि जल ही कल है और जल ही जीवन है। इस मूल मंत्र को जीवन में अपनाना होगा। भारतीय संस्कृति में सदैव से जल के पूजन की परम्परा ही है। हमें जल व प्रकृति के संरक्षण के लिए गंभीरता से प्रयास करने होंगे। भौतिकता के पीछे दौड़ में हम प्रकृति के साथ छेड़छाड़ को बंद करें।

राज्यमंत्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का तीसरा कार्यकाल किसानाें को समर्पित है। किसान सम्मान निधि में वृद्धि की गई है। किसानों के हित में कई निर्णय लिए गए है। किसानों के हित में कई निर्णय लिए गए हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य को बढ़ाया गया है। किसानों को अब प्राकृतिक खेती को अपनाना चाहिए। यूरिया व उर्वरकों के उपयोग के बजाए प्राकृतिक खाद से खेती करेंगे तो किसानों की आमदनी बढ़ेगी। उनके परिवार व पशुओं को भी फायदा होगा। इस साल जिले में अच्छी बारिश हुई है। किसानों को इसका फायदा मिलेगा। आनासागर झील की भराव क्षमता को बढ़ाया जाना चाहिए।

इससे पूर्व भागीरथ चौधरी, संभागीय आयुक्त महेश चन्द्र शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश, कलक्टर लोक बन्धु एवं प्रधान सीमा रावत सहित अतिथियों ने झील का पूजन किया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक खन्ना ने महोत्सव का परिचय देते हुए जिले में बांधों में भराव की प्रगति की जानकारी दी।

कार्यक्रम में अध्यक्ष रमेश सोनी, भारती श्रीवास्तव, अजमेर विकास प्राधिकरण आयुक्त नित्या के, प्रशिक्षु आईएएस महिमा कसाना, एडीएम सिटी गजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी को जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। संचालन वर्तिका शर्मा ने किया।