कांग्रेस शासन में गरीब के बेटे के सपने हुए चकनाचूर : भजनलाल शर्मा

हनुमानगढ़। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होकर काम करने के साथ युवाओं को पांच साल में चार लाख नौकरियां देने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है जबकि कांग्रेस शासन में गरीब के बेटे के सपने चकनाचूर हो गए थे।

शर्मा ने मंगलवार को हनुमानगढ़ के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं किसानों द्वारा आयोजित स्वागत समारोह तथा सर्किट हाउस में आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसान हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि को छह हजार से बढ़ाकर नौ हजार रूपए कर दिया है। गेंहू की एमएसपी पर 150 रूपए का अतिरिक्त बोनस देने का निर्णय किया गया है। इस निर्णय का श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले के किसानों को बहुत लाभ मिलेगा, क्योंकि ये राज्य के सर्वाधिक गेंहू उत्पादक जिलों में से है। हमने करीब 47 लाख किसानों को लगभग 29 हजार करोड़ रुपए का अल्पकालीन ब्याज मुक्त फसली ऋण भी वितरित किया है।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं किसान परिवार से आते हैं, इसलिए किसानों की समस्याओं को भली भांति समझते हैं। सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो, इसके लिए हमने सरकार में आते ही ईआरसीपी को लेकर महत्वपूर्ण समझौता किया। हमने इस परियोजना का नामकरण राम जल सेतु लिंक परियोजना करते हुए इसके तहत 12 हजार करोड़ रुपए से अधिक के कार्य प्रारंभ कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह हमने शेखावाटी को यमुना जल समझौते की सौगात दी है। माही बेसिन में जल प्रबंधन के कई काम हाथ में लिए हैं। देवास जैसे प्रोजेक्ट्स भी धरातल पर उतर रहे हैं। उन्होनें कहा कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना के लिए बजट में हमने तीन हजार 400 करोड़ के कार्यों की घोषणा की है। यहां के किसानों की पक्के खालों के पुनर्निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के लिए 590 करोड़ रुपए की लागत से संगरिया, टिब्बी, रावतसर, हनुमानगढ़ और पीलीबंगा के कुल एक लाख सात हजार हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र में पक्के खालों का पुनर्निर्माण किया जाएगा, जिससे सिंचाई का तंत्र और अधिक सुदृढ़ होगा।

शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार आपणो अग्रणी राजस्थान के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। हमने ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऊर्जा उत्पादन और वितरण तंत्र सुदृढ़ करने के लिए 2 लाख 24 हजार करोड़ रूपए के एमओयू किए हैं। सरकार के पहले वर्ष में ही हमने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया। जिसमें 35 लाख करोड़ रूपये के एमओयू हस्ताक्षरित हुए। शर्मा ने कहा कि हमने गरीब, किसान, महिला और युवा के उत्थान की यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए सात दिवसीय राजस्थान दिवस महोत्सव का आयोजन किया जिसमे इस चारों वर्गों को विभिन्न सौगातें दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भर्ती परीक्षाओं के 19 में से 17 पेपर लीक हुए। कांग्रेस के शासन में गरीब के बेटे के सपने चकनाचूर हुए। हमने सरकार बनते ही एसआईटी का गठन कर पेपरलीक के 250 से अधिक अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा। उन्होंने कहा कि हम युवाओं को पांच साल में चार लाख नौकरियां देने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे है। भर्ती कलैण्डर जारी कर पूर्णतया निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से परीक्षाओं का आयोजन कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि हमारी सरकार में अब तक एक भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ।

सर्किट हाउस में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। हमारे लिए सबसे पहले राष्ट्र है, पार्टी और व्यक्ति बाद में हैं। हम जनता की सेवा के लिए काम करते हैं, क्योंकि हमारे संगठन में पद नहीं बल्कि जनसेवा का दायित्व होता हे। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया पर इस दिशा में कुछ नहीं किया। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही गरीब कल्याण का कार्य किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जो कहती है वो करती है। पिछले बजट की 90 प्रतिशत से अधिक घोषणाओं में जमीन आवंटन और स्वीकृतियां दी जा चुकी हैं। हमने प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का विकास किया है।

इस दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर, पूर्व सांसद निहालचंद मेघवाल, पूर्व विधायक धर्मेन्द्र मोची एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी भाजपा प्रदेश मंत्री विजेन्द्र पूनिया, भाजपा के हनुमानगढ़ जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू, सभी जिला मोर्चा अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, किसान एवं आमजन मौजूद थे।