धार। मध्यप्रदेश के धार जिले के बदनावर उज्जैन मार्ग पर एक टैंकर ने कार और पिकअप वाहन को टक्कर मार दी, जिसके चलते आठ यात्रियों की मृत्यु हो गयी और दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार देर रात हुए हादसे में तीन यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सात यात्रियों काे इलाज के लिए बदनावर के अस्पताल में ले जाया गया। इलाज के दौरान आज सुबह तक पांच और यात्रियों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। दो अन्य घायलों का इलाज जारी है।
सूत्रों ने कहा कि तेज रफ्तार टैंकर ने गलत दिशा से जाकर एक कार और एक पिकअप वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। इस वजह से कार सवार चार लोगों समेत आठ लोगों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान गिरधारी, अनिल, विरम, चेतन, लाल सिंह, अनूप, जितेंद्र और लिखमाराम के रूप में हुई है। हादसे के शिकार व्यक्ति आसपास के जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने टैंकर जप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।