जयपुर/उदयपुर। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डा गिरिजा व्यास गणगौर की पूजा के दौरान उनके कपड़ों में आग लग जाने से सोमवार को यहां झुलस गई।
डा व्यास के परिजनों के अनुसार वह सुबह गणगौर की पूजा कर रही थी कि उनकी साड़ी का पल्लू दीपक से छू जाने से अचानक उनके कपड़ों में आग लग गई। इसके बाद उन्हें उदयपुर के एक अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया जहां उन्हें अहमदाबाद रेफर कर दिया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि डा व्यास के आग से झुलसकर घायल होने का समाचार चिंताजनक हैं। गहलोत ने ईश्वर से उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
भजनलाल ने गिरिजा व्यास के स्वास्थ्य की ली जानकारी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आकस्मिक दुर्घटना में झुलसी पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डा गिरिजा व्यास के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
शर्मा ने सोमवार को डा व्यास के भाई गोपजी एवं भतीजे विवेक शर्मा से फ़ोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी प्राप्त की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने अधिकारियों को अहमदाबाद स्थित जायड्स अस्पताल के चिकित्सकों से समन्वय बनाकर शीर्षस्तरीय चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शर्मा ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल से भी बात कर विचार-विमर्श किया। दोनों नेताओं के साथ डा व्यास के उपचार की प्रगति और उन्हें उपलब्ध कराई गई मेडिकल सुविधाओं पर चर्चा हुई।