सवाई माधोपुर में तेंदुए के हमले से किसान घायल

सवाई माधोपुर। राजस्थान में सवाईमाधोपुर के पुराने शहर में शुक्रवार को खेत में एक किसान पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हाे गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुराने शहर के घाटीला बालाजी के पास हनुमान डूंगरी पर किसान रतन सैनी (32) सुबह खेत में पानी देने गया था। अचानक वहां तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया जिससे उसके गर्दन, पेट और हाथ पर गम्भीर चोट आई।

वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाकर तेंदुए को भगा दिया। रतन को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

उधर वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि उस क्षेत्र में तेंदुए देखा जा रहा था। खेत में एक बछिया बंधी थी जिसका तेंदुए ने शिकार किया था। वह उसे खाने की फिराक में था उसी दौरान रतन सैनी वहां पहुंच गया। इस पर तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।