जौनपुर में धर्म परिवर्तन करने के आरोप में पांच अरेस्ट

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सुजानगंज थाने की पुलिस टीम ने विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजय पाल शर्मा ने बताया कि सुजानगंज के प्रभारी निरीक्षक घनानन्द त्रिपाठी, उप निरीक्षक रामस्वरुप राय व उप निरीक्षक मनोज कुमार मय हमराह द्वारा थाना क्षेत्र में गरीब एवं अशिक्षित लोगों को गुमराह कर व प्रलोभन देकर ईसाई धर्म को श्रेष्ठ बताते हुए हिन्दू धर्म को अन्ध विश्वास व पाखण्ड बताते हुए ईसाइ धर्म में परिवर्तन कराने के सम्बन्ध मे मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

धर्मांतरण के आरोप में गोकुल कुमार ग्राम मारुफपुर थाना मछलीशहर जौनपुर, प्रिन्स कुमार ग्राम उमरपुर थाना सुजानगंज, शिव कुमार गौतम ग्राम भुइधरा थाना सुजानगंज ,आद्या प्रसाद ग्राम डोमपुर थाना सुजानगंज जौनपुर व रामधनी ग्राम अरुआवा थाना सिकरारा जौनपुर को शुक्रवार को ग्राम जमालपट्टी बेलवार से हिरासत पुलिस में लिया गया था। आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करते हुए आज न्यायालय में पेश किया गया।