पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का सादड़ी आगमन, पूर्व मंत्री मेघवाल से की मुलाकात

पाली/देसूरी। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सोमवार को पाली जिले के बाली क्षेत्र के बारवा गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचीं। यहां उन्होंने शिक्षक नरपत सिंह राजपुरोहित की बेटी के विवाह में भाग लिया और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।

विवाह समारोह में जाते समय राजे का काफिला सादड़ी के आकरिया चौक पर रुका, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मंत्री अचलाराम मेघवाल और मंडल अध्यक्ष गोविंद मीणा ने वसुंधरा राजे को चुंदड़ी ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित रहीं।

वसुंधरा राजे ने इस दौरान पूर्व मंत्री अचलाराम मेघवाल से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। कार्यकर्ताओं के बीच गर्मजोशी से स्वागत के बाद राजे ने कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए सभी से संवाद भी किया।

जब उनसे मुख्यमंत्री पद से जुड़ा सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि सीएम बनना मेरे हाथ में है क्या? राजे के इस सहज और विनम्र उत्तर ने कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक माहौल बना दिया। पूर्व मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह देखने को मिला।