राजस्थान में पूर्व मंत्री बनवारी लाल शर्मा का धौलपुर में निधन

जयपुर। राजस्थान में पूर्व मंत्री बनवारी लाल शर्मा का बुधवार को धौलपुर में निधन हो गया। वे करीब 84 वर्ष के थे। शर्मा वर्ष 1967 से 2008 तक पांच बार विधायक रहे और उन्हें मंत्री भी बनाया गया। बनवारी लाल शर्मा का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह चंबल स्थित मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उनके निधन पर राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने गहरा शोक व्यक्त किया। बागडे ने ईश्वर से दिवगंत आत्मा की शांति एवं उनके परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इसी तरह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी गहरा दुख जताया और कहा कि उनका निधन प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों को समृद्ध बनाते हुए श्रेष्ठ संसदीय परंपराएं स्थापित की। उन्होंने दिवंगत आत्मा को शांति देने एवं शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

इसी प्रकार पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां सहित कई नेताओं ने बनवारी लाल शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।