जोगणियाधाम व श्री शान्तानंद उदासीन आश्रम में धूमधाम से मनेगा गुरू पूर्णिमा पर्व

पुष्कर। तीर्थ पुष्कर में गुरू पूर्णिमा पर जोगणियाधाम और शांतानंद उदासीन आश्रम में गुरू पूर्णिमा महोत्सव रविवार को धूमधाम से मनाया जाएगा।

आईडीएसएम टी कालोनी में स्थित सातू बहना बिजासन मां का 18वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन गुरू पूर्णिमा का पर्व होने से धाम में स्थापित चन्द्रेश्वर महादेव की तीर्थ सरोवर पुष्कर से कावड लाई जाएगी।

इसके साथ ही सातू बहना की रेवाडी निकलेगी। पुष्कर सरोवर के जयपुर घाट से 51 महिलाएं सुबह 10 बजे गाजे बाजे के साथ कावड जोगणियाधाम पुष्कर आएगी। पवित्र जल से चन्द्रेश्वर महादेव का अभिषेक किया जाएगा।

इस अवसर पर जयपुर घाट पर 51 ब्राह्मणों का पीताम्बरी, श्रीफल व दक्षिणा देकर सम्मान किया जाएगा। माता जी विशेष श्रृंगार व गुरू रूप में शिव पूजन किया जाएगा। दिन को 1 बजे से शाम तक भजन कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे।

इसी तरह श्री शान्तानंद उदासीन आश्रम पुष्करराज में गुरू पूर्णिमा पर्व आश्रम में ब्रहमलीन श्री शान्तानंद जी उदासीन व ब्रहमलीन स्वामी हिरदाराम साहिब के चरण पादुका व समाधि पूजन व अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा।

महंत हनुमानराम ने बताया कि गुरू पूर्णिमा के कार्यक्रमों में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक अभिषेक, हवन, चरण पादुका व समाधि पूजन के कार्यक्रम होंगे। महंत राममुनी उदासीन के प्रवचन के साथ आश्रम में श्रद्धा व समर्पण के साथ मनाया जाए। इस पूजन में देश विदेश के अनुयायी भाग लेंगे।