नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व ने दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की नई सरकार के गठन को लेकर विचार मंथन शुरू कर दिया। उम्मीद की जा रही है कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है।
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री एवं मंत्रिमंडल के सदस्यों के नामों पर विचार के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निवास पर रविवार को एक बैठक हुई जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी शामिल हुए। बैठक में भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाने और केंद्रीय पर्यवेक्षक तय करने पर भी बातचीत होनी है।
गौरतलब है कि भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचंड विजयी हासिल की है। पार्टी ने 48 सीटें जीत कर 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। इस जीत के बाद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। पार्टी के विजयी उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्र में जुलूस निकाल कर रहे हैं।
वहीं, नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को शिकस्त देने वाले भाजपा के विजयी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा, बिजवासन विधानसभा सीट से पार्टी के विजयी उम्मीदवार कैलाश गहलोत और गांधी नगर विधानसभा सीट से पार्टी के विजयी उम्मीदवार अरविंदर सिंह लवली ने राज निवास जाकर उपराज्यपाल वीके सक्सेना से रविवार को मुलाकात की। इन नेताओं ने सक्सेना से मुलाकात के बाद कहा कि उन्होंने उपराज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की है।
वहीं, सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के लिए वोट दिया है। उन्होंने कहा कि हम अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करेंगे। दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाएंगे।
भाजपा नेताओं के अनुसार पार्टी प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है। गौरतलब है कि मोदी 10 फरवरी से 13 फरवरी तक फ्रांस और अमरीका के दौरे पर जा रहे हैं। मोदी पहले फ्रांस के दौरा पर सोमवार को रवाना होंगे, जहां से वह 12 फरवरी को अमरीका के लिए रवाना हो जाएंगे।
भाजपा ने दिल्ली के अपने नवनिर्वाचित विधायकों को दिए दिशा-निर्देश
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की 48 सीटों पर जीत, दो तिहाई बहुमत हासिल