हम्पी। कर्नाटक के हम्पी में सनापुर झील के पास 27 वर्षीय इजराइली पर्यटक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद आक्रोश का माहौल है और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई हैं।
पुलिस ने शनिवार को कहा कि गुरुवार की देर रात पीड़िता और 29 वर्षीय होमस्टे ऑपरेटर पर उस समय हमला किया गया जब वे अपने तीन पुरुष साथियों के साथ थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार हमलावरों का एक समूह उनके पास पहुंचा। अपराधियों ने पहले पेट्रोल और 100 रुपए की मांग की और फिर हिंसक हो गए। उन्होंने पुरुष पर्यटकों को पास की नहर में धकेल दिया और महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया।
दो पुरुष पर्यटक, अमरीका के डेनियल और महाराष्ट्र के पंकज भागने में सफल रहे और उन्होंने अधिकारियों को सूचित किया, जबकि तीसरा पुरुष पर्यटक, ओडिशा के लापता बिभाश की खोजने के लिए अग्निशमन अधिकारियों और पुलिस के डॉग स्क्वायड की मदद से व्यापक तलाश अभियान चलाया, उसका शव कैनाल में मिला।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। कोप्पल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राम एल अरासिद्दी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए छह विशेष टीमें गठित की है और गहन जांच जारी है।
घटना में घायल लोगों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थानीय कार्यकर्ताओं और पर्यटन हितधारकों ने मजबूत कानून प्रवर्तन और विरासत स्थलों पर बेहतर सुरक्षा उपायों की मांग की है।