कर्नाटक में विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता भानुप्रकाश का निधन

शिवमोग्गा। कर्नाटक में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी नेता और पूर्व एमएलसी एमबी भानुप्रकाश का सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 69 वर्ष के थे।

पुलिस के अनुसार शिवमोगा में भाजपा द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष भानुप्रकाश प्रकाश कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद अपनी कार में बैठते समय गिर पड़े। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाने के बावजूद बचाया नहीं जा सका।

यह विरोध प्रदर्शन कर्नाटक सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर बिक्री कर को बढ़ाकर क्रमशः 29.84 प्रतिशत और 18.44 प्रतिशत करने के फैसले की प्रतिक्रिया थी। इससे 15 जून से राज्य भर में पेट्रोल की कीमतों में लगभग तीन रुपए और डीजल की कीमतों में 3.05 रुपए की बढ़ोतरी हुई। लोकसभा चुनाव के बाद ईंधन की कीमतों में संशोधन करने वाला कर्नाटक पहला राज्य है।

भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने 15 जून को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी और सरकार से कर वृद्धि को रद्द करने का आग्रह किया था। उन्होंने निर्णय पलटने तक विरोध जारी रखने की पार्टी की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कर वृद्धि के बचाव में कहा कि कर्नाटक में ईंधन की कीमतें अभी भी महाराष्ट्र और गुजरात जैसे कुछ अन्य राज्यों की तुलना में कम हैं।