कर्नाटक के भाजपा विधायक यतनाल ने राहुल की जातिगत पहचान पर जताया संदेह

बेंगलूरु। कर्नाटक में विजयपुरा के भारतीय जनता पार्टी विधायक यतनाल ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ब्राह्मण होने के दावे पर सवाल उठाकर विवाद खड़ा कर दिया।

विवादों से चोली-दामन का साथ रखने वाले यतनाल ने सवाल खड़े किए कि अगर राहुल ब्राह्मण होने का दावा करते हैं, तो वे किस तरह के ब्राह्मण हैं? क्या वे जनीवरा (जनेऊ) भी पहनते हैं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि गांधी की वंशावली संदिग्ध हो सकती है, इसलिए यह पता लगाने के लिए जांच की आवश्यकता है कि उनके पूर्वज मुस्लिम थे या ईसाई।

यतनाल का यह ताजा बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष देश भर में सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना के लिए अपने जोरदार अभियान को लेकर सुर्खियों में हैं। गांधी ने हालांकि प्रतिबद्धता व्यक्त की है अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो देश भर में विभिन्न जातियों, उप-जातियों और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थितियों का आकलन करने के लिए व्यापक जाति सर्वेक्षण किया जाएगा।

यतनाल की टिप्पणी गांधी की ब्राह्मण पहचान पर सवाल उठाने तक ही सीमित नहीं रही। उन्होंने कांग्रेस नेता को ‘देशी पिस्तौल’ कहकर उनका मजाक उड़ाया। यहां इसका आशय एक स्थानीय अभिव्यक्ति है, जिसका इस्तेमाल किसी ऐसे व्यक्ति के लिए किया जाता है जिसे अप्रभावी और महत्वहीन माना जाता है।

राजनीति के परिप्रेक्ष्य में गांधी की जाति को लेकर विवाद कोई नयी बात नहीं है। इस साल की शुरुआत में जाति जनगणना पर संसदीय बहस के दौरान भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने एक परोक्ष टिप्पणी की थी जिसमें उन्होंने सवाल उठाया था कि जिस व्यक्ति की अपनी जाति की पहचान स्पष्ट नहीं है, वह जाति जनगणना की वकालत कैसे कर सकते हैं।