नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई दी।
केजरीवाल ने एक्स पर बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता जी को बहुत बहुत बधाई। मैं उम्मीद करता हूँ कि दिल्ली की जनता को किए गए सारे वादे वह पूरे करेंगी। दिल्ली की जनता के विकास और भले के हर कार्य में हम उन्हें सहयोग करेंगे।
आप की वरिष्ठ नेता और कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता जी को बधाई। यह खुशी की बात है कि दिल्ली का नेतृत्व एक महिला करेंगी। मुझे उम्मीद है कि दिल्ली वालों को किए गए वादे पूरे होंगे। दिल्ली के विकास के लिए आम आदमी पार्टी का पूरा सहयोग आपको मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि भाजपा विधायक दल की बैठक में आज रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुना गया। वह गुरुवार को दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी।