नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कार दुर्घटना में घायल

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बुधवार रात दौसा जिले में उनका वाहन नील गाय से टकरा जाने पर घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जूली अलवर में एक बैठक के बाद जयपुर आ रहे थे कि दौसा के भांडारेज के पास रात करीब दस बजे अचानक उनकी कार के आगे नील गाय आ जाने से कार उससे टकरा गई। जिससे श्री जूली के हाथ में गहरी चोट आई है। इसके बाद उन्हें दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि दौसा में सड़क दुर्घटना में जूली के घायल होने का समाचार प्राप्त हुआ। मैं प्रभु श्रीराम से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जूली के वाहन के दौसा में दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार सुनकर चिंता हुई। मैंने जिला कलेक्टर से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। जूली जी के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी जूली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।