जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सत्ता पक्ष के लोगों पर सदन नहीं चलाने की मंशा का आरोप लगाया हैं।
विधानसभा में इंदिरा गांधी पर टिप्पणी के बाद से सदन में उत्पन्न गतिरोध के चलते कांग्रेस सदस्यों के सदन में बजट चर्चा का बहिष्कार करने के बाद सदन के बाहर जूली ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सदन में तीन दिन से चल रहे गतिरोध को तोड़ने के लिए विपक्ष ने सरकार का सहयोग किया।
आज भी उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री और अध्यक्ष से मिलकर बातचीत की। सत्तापक्ष जिन बातों को चाहता था, उन पर सहमति भी बन गई थी, उसके बाद भी सदन को लगातार बाधित किया जा रहा है। सत्ता पक्ष के लोग ही आगे आकर मुख्य बातचीत से ध्यान भटका रहे हैं। इनकी सदन चलाने की मंशा नहीं है।
जूली ने कहा कि मार्शल बुलाकर धमकाना चाहते हैं और सरकार ही सदन नहीं चलाना चाहती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदन चलाना चाहती है लेकिन सत्ता पक्ष सदन नहीं चलाना चाहता। सरकार की मंशा सदन को चलाने की नहीं है। इससे पहले बड़े-बड़े गतिरोध हुए हैं, सदन चलाना सरकार की जिम्मेदारी होती है। सब प्रयासों के बावजूद भी दादागिरी पर उतरना चाहते हैं तो हमें भी रणनीति बनानी पड़ेगी। सत्ता पक्ष इगो बना रहा है। वे मार्शल बुलाकर धमकाने का काम कर रहे है।
उन्होंने राज्य सरकार से सवाल करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी पर अनुचित टिप्पणी करना और सदन में तख्तियां लहराना उचित था, यदि नहीं, तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि विपक्ष पर कार्रवाई क्यों, क्या विधानसभा में गतिरोध के लिए सरकार के मंत्री की अवांछित टिप्पणियां और अमर्यादित आचरण जिम्मेदार नहीं हैं।
अगर हां, तो विपक्ष के बजाय सत्ता पक्ष के मंत्री पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि क्या मंत्री द्वारा की गई स्तरहीन टिप्पणी को कार्यवाही से निकालकर गतिरोध को टाला नहीं जा सकता था।
जूली ने कहा कि विपक्ष को रोका क्यों जा रहा है। क्या विधानसभा में गतिरोध की असली वजह जनभावनाओं की अभिव्यक्ति पर रोक लगाना थी। उन्होंने सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि सदन को सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी सरकार की होती है।
क्या सरकार ने गतिरोध खत्म करने के लिए गंभीर और सकारात्मक प्रयास किए। जूली ने यह भी पूछा कि क्या विपक्ष को सरकार के मंत्री की अनुचित और अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ विरोध दर्ज कराने का अधिकार नहीं है।
Sabguru news के लिए समाचार भेजनें और विज्ञापन हेतु व किसी अन्य जानकारी के लिए संपर्क करें। M. +91-9887907277, 7737385114 , Email: sabgurunews@gmail.com कार्यालय : अजमेर : 6/12 हॉउसिंग बोर्ड कॉलोनी B ब्लॉक, पंचशील नगर अजमेर 305004, राज. जयपुर : D8, गोवेर्धन कॉलोनी मोहन मार्ग विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के पास जयपुर 302019 , राज.