भाजपा के कार्यालय में मायूसी, कांग्रेस कार्यालय में उत्साह का माहौल

नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी की सीटें अपेक्षा से कम रहने से दोपहर बाद मायूसी का वातावरण दिखायी दिया जबकि कांग्रेस के मुख्यालय में भारी उत्साह का वातावरण था।

पार्टी के 6-ए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित केन्द्रीय कार्यालय में जश्न और सुरक्षा के भारी इंतज़ाम किए गए थे, लेकिन दोपहर बाद जब मतगणना में भाजपा का आंकड़ा 242 से 245 के आसपास टिक गया और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का आंकड़ा 295 के आसपास दिख रहा था, उस समय पार्टी के बड़े नेता अपने अपने घरों में या कमरों में कैद होकर विचार मंत्रणा में उलझे थे। भाजपा कार्यालय के पीछे वाले भाग में प्रवक्ताओं के अस्थायी केबिन बनाए गए थे जिनमें भाजपा के कई प्रवक्ता टीवी चैनलों की बहस में भाग ले रहे थे। हालांकि बाहर कार्यकर्ता राजग की जीत की खुशी में ढोल नगाड़े बजा रहे थे।

सुबह से कई हलवाई पूरी सब्जी और मिठाई बनाने में लगे थे, लेकिन दोपहर बाद तक भोजन आदि की व्यवस्था नहीं दिखाई दी। वहीं कांग्रेस के कार्यालय में जश्न एवं खुशी का माहौल दिखाई दिया। कांग्रेस के कार्यालय में तीन पंडाल लगाए गए थे और नेता मीडिया से खुल कर बात करते दिखाई दिए। दोपहर बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी आए और लोगों से गर्मजोशी से मुलाकात की।

लोकसभा चुनाव परिणाम : भाजपा 241 और कांग्रेस 94 सीटों पर आगे