सूर्य नमस्कार मन और तन को रखता है स्वस्थ : मदन दिलावर

जयपुर। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने सूर्य नमस्कार को सर्वांग योग बताते हुए कहा है कि इससे मन और तन दोनों स्वस्थ रहते हैं और सकारात्मक सोच बनती है, जिसके बल पर जीवन उन्नति के पथ पर अग्रसर होता है।

दिलावर सोमवार को यहां जयपुर में सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सूर्य प्रकृति में ऊर्जा संचार का प्रमुख स्रोत है। सूर्य की ऊर्जा से ही जीवन संचालित होता है। हमारे शरीर को भी संपूर्ण स्वस्थ रखने के लिए सूर्य की ऊर्जा आवश्यक है। इसलिए प्रातःकाल सूर्य उदय के समय सूर्य नमस्कार योग करने का बहुत लाभ होता है। स्कूलों में प्रार्थना सभा के बाद योग इसीलिए करवाया जाता है ताकि बच्चे स्वस्थ रहे।

राजकीय उच्च माध्यमिक व़िद्वालय बरना में योग करते छात्र छात्राएं।

उन्होंने कहा कि गत वर्ष सूर्य सप्तमी के अवसर भी पूरे प्रदेश में सूर्य नमस्कार किया गया था जिसका विश्व रिकॉर्ड बना था। वो तो शुरुआत थी। आज गत वर्ष की तुलना में सूर्य नमस्कार को लेकर ज्यादा उत्साह नजर आ रहा है। मुझे विश्वास है कि आज का आयोजन पिछले वर्ष के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर नया रिकॉर्ड बनाएगा।

कार्यक्रम के दौरान दिलावर ने स्कूली बच्चों के साथ मंत्रोच्चार के साथ विधिपूर्वक सूर्य नमस्कार किया। उनके साथ शासन सचिव शिक्षा कृष्ण कुणाल, शिक्षा निदेशक आशीष मोदी, खेल विभाग के शासन सचिव पीसी पवन ने भी सूर्य नमस्कार के सभी आसान किए।