मदन राठौड़ राजस्थान में भाजपा के फिर प्रदेश अध्यक्ष बने

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व-2024 के तहत हुए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में मदन राठौड़ फिर अध्यक्ष चुने गए हैं।

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश चुनाव प्रभारी विजय रूपाणी ने शनिवार को इसकी घोषणा की। रुपाणी ने बताया कि इस चुनाव में केवल राठौड़ के नामांकन के पांच सेट प्राप्त हुए और उन्हें निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल, केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद घनश्याम तिवाड़ी सहित पार्टी के अन्य कई नेता मौजूद थे। इस मौके 25 राष्ट्रीय परिषद् सदस्यों की भी घोषणा की गई।

राठौड़ के फिर से अध्यक्ष चुने जाने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी तथा उनका मुंह मीठा कराया। इस मौके पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की।

इस अवसर पर राठौड़ ने कहा कि वह पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी के साथ काम करेंगे और कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पार्टी की सरकार हैं और वह अच्छा काम कर रही हैं तथा कार्यकर्ताओं सहित किसी को भी कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि अध्यक्ष एक पद ना होकर एक दायित्व है तथा सभी वरिष्ठजनों के आशीर्वाद तथा कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी को अधिक सशक्त बनाएंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन और सत्ता एक दूसरे के पूरक होते हैं। 21 अक्टूबर 1951 को छोटे से संगठन के रूप में शुरू हुई जनसंघ आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र है तो पार्टी में भी लोकतंत्र जरूरी है और हमारी पार्टी की यह खासियत है कि हमारे यहां आंतरिक लोकतंत्र मजबूत है।

शर्मा ने कहा कि राठौड़ एक ऐसा व्यक्तित्व हैं जिन्होंने अपनी मेहनत, निष्ठा और जनसेवा के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। विद्यार्थी परिषद् में काम करने के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में शुरुआत करने वाले राठौड़ ने विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन को मजबूत किया। उन्होंने विश्वास जताया कि राठौड़ के ऊर्जावान नेतृत्व में राजस्थान में भाजपा नई ऊंचाइयों को छुएगी।

राष्ट्रीय पर्यवेक्षक राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि जनता हमें संगठन को मजबूत करने का पर्याप्त अवसर दे रही है। हमें सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से यह सुनिश्चित करना है कि संगठन हर जगह पहुंचे तथा राज्य का प्रत्येक निवासी संगठन से जुड़े। रूपाणी ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता सबसे केन्द्र में होता है। संगठन में चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से होने के कारण पार्टी बहुत मजबूती से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य केे कार्यकर्ता अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा बन रहे है।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पुन: पार्टी प्रदेश अध्यक्ष चुने पर राठौड़ को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश अध्यक्ष के कुशल नेतृत्व में हमारा भाजपा परिवार सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन पर्व 2024 का यह महत्वपूर्ण अवसर हम सभी के लिए एक नए उत्साह और ऊर्जा का प्रतीक है। भाजपा की विचारधारा, राष्ट्रवादी दृष्टिकोण और सेवा की भावना के साथ हम सभी एकजुट होकर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाएंगे।