जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी में संगठन पर्व 2024 के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मदन राठौड़ ने शुक्रवार को यहां अपना नामांकन प्रस्तुत किया।
राठौड़ के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ पांच प्रस्तावकों ने नामांकन भरवाया। इन प्रस्तावकों में शर्मा के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा अरूण चतुर्वेदी, जिला अध्यक्ष जयपुर शहर अमित गोयल और पांचवें प्रस्ताव के तौर पर राष्ट्रीय परिषद के सदस्य शामिल है।
संगठन पर्व के प्रदेश चुनाव अधिकारी नारायण पंचारिया ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव अधिकारी एवं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय भाई रूपाणी के समक्ष पांच प्रस्तावकों ने राठौड़ के समर्थन में नामांकन प्रस्तुत किया। राठौड़ के नामांकन में प्रस्तावक के तौर पर मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद-विधायक और पूर्व सांसद-पूर्व विधायक प्रस्तावक बनें।
रूपाणी ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे तक अध्यक्ष पद के लिए मदन राठौड़ के पांच नामांकन प्राप्त हुए हैं। मदन राठौड़ के अलावा किसी ने दूसरा नामांकन नहीं भरा है। इनकी जांच के बाद शनिवार पूर्वाह्न ग्यारह बजे प्रदेश अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।