खंडवा में कुएं की सफाई करने उतरे आठ ग्रामीणों की मौत

खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के छैगांव माखन थाना क्षेत्र में आज एक पुराने कुएं की सफाई के लिए उतरे आठ ग्रामीणों की मौत हो गई। सभी के शव देर रात तक कुए से निकाल लिए गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कोंडावत गांव में एक पुराने कुएं की सफाई करने उतरे आठ लोग दलदल में फंस गए, जो बाहर नहीं आ सके। देर रात तक चले राहत एवं बचाव कार्य के तहत सभी आठ लोगाें के शव कुए से निकाल लिए गए।

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने आठ लोगों के मरने की पुष्टि की है। इनकी पहचान राकेश पटेल, अनिल पटेल, अजय पटेल, शरण पटेल, वासुदेव पटेल, गजानन पटेल, अर्जुन पटेल और मोहन पटेल के रूप में हुई है। इनकी उम्र 23 से लेकर 53 वर्ष के बीच है।

पुलिस ने कहा कि गणगौर पर्व के कारण गणगौर को कुएं में विसर्जित करना था। इसके पहले चार ग्रामीण कुएं की सफाई के लिए कुए में उतरे। काफी देर तक वापस नहीं आने और इनके संकट में होने के चलते चार और ग्रामीण उन्हें बचाने के लिए उतरे। ये सभी ग्रामीण कुए में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। यह कुंआ काफी गहरा है और इसमें बहुत गाद भी जमा है।

यह भी आशंका है कि कुएं से जहरीली गैस का रिसाव हुआ हो और इसके कारण दम घुटने से ग्रामीणों की मौत हुई हो। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इनकी मृत्यु का सही कारण पता लगने की उम्मीद है।

मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया, पीड़ित परिवारों को सहायता

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने खंडवा जिले में आज कुएं में सफाई के लिए उतरे आठ ग्रामीणों की मृत्यु की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक पीड़ित के आश्रित को चार चार लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

डॉ यादव ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि कोंडावत गांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में गणगौर विसर्जन के लिए कुए की सफाई के लिए उतरे एक व्यक्ति के दलदल में फंसने पर बचाने के प्रयास में एक के बाद एक कुएं में उतरे सात और व्यक्ति भी अंदर फंस गए। कुएं में जहरीली गैस से दम घुटने के कारण सभी आठ व्यक्तियों की मृत्यु होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस, प्रशासन, होमगार्ड्स और एसडीईआरएफ की टीम द्वारा संयुक्त बचाव अभियान चलाया गया। डॉ यादव ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। उन्होंने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को चार चार लाख रुपए की सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।