अजमेर के घंटाघर के समीप हो सकती है बड़ी दुर्घटना

अजमेर। रेलवे स्टेशन के सामने घंटाघर के समीप 15 से 20 फीट ऊंची दीवार बड़ी दरारें आने से बारिश के मौसम के चलते बड़े हादसे की आशंका बन रही है।

क्लॉक टॉवर व्यापारिक संघ के अध्यक्ष मोती जेठानी ने बताया कि स्टेशन से मदार और दरगाह की ओर जाने वाले इस मार्ग से रोजाना हजारों जायरीन व आम नागरिक गुजरते है। दीवार वर्षों पुरानी होने से मरम्मत के बाद भी खतरे का कारण बनी हुई है। हाल ही में इसमें आई दरार बडे हादसे का संकेत दे रही है।

इस दीवार को तुरन्त नहीं हटाया गया तो बरसात के दौरान बड़ी दुर्घटना घट सकती है। प्रशासन के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का ध्यान कई बार आकृष्ट किया गया लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सरकारी विभाग भी एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल कर पल्ला झाड़ने वाली नीति पर चल रहे हैं। इस दीवार को तुरन्त ध्वस्त कर पुनः निर्माण कराए जाने की जरूरत है।