दिल्ली नगर निगम महापौर के चुनाव से पहले सदन में ज़बरदस्त हंगामा

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के महापौर के चुनाव से पहले निगम पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में ज़ब्रदस्त हंगामा हुआ जिसके कारण सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

निगम में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पीठासीन अधिकारी सत्या शर्मा ने सबसे पहले उपराज्यपाल की तरफ़ से नामित पार्षदों को शपथ दिलाने के लिए एक सदस्य का नाम पुकारा जिसके बाद आम आदमी पार्टी के सबसे वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल ने कहा कि यह प्रक्रिया ग़लत है। गोयल ने कहा कि सबसे पहले चुने हुए पार्षदों को शपथ दिलाई जाए उसके बाद सदन में ज़ोरदार हंगामा शुरू हो गया। भारतीय जनता पार्टी और आप के पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया।

उल्लेखनीय है कि निगम के 250 वार्डों में हुए चुनाव में आप ने 15 साल से दिल्ली नगर निगम में बनी भाजपा को हराकर 134 वार्डों में जीत दर्ज की थी जबकि भाजपा को 104 वार्ड में जीत मिली थी। इस बार कांग्रेस के नौ पार्षद जीतकर आए हैं।

सदन में ज़बरदस्त हंगामे के बाद भाजपा ने बुलाई प्रेस कांफ्रेंस

केन्द्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की बैठक में हाथापाई की घटना के लिए आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार करार देते हुए उसकी तीखी आलोचना की और पूरे प्रकरण की जांच की मांग की।

उन्होंने कहा कि एमसीडी के महापौर के चुनाव के लिए आयोजित बैठक में भारतीय जनता पार्टी पार्षदों के साथ दिल्ली में सत्तारूढ आप के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। उन्होंने इसे आप कार्यकर्ताओं का शर्मनाक और अमानवीय कृत्य बताया। उन्होंने इसे अराजक तत्वों का कृत्य करार देते हुए कहा कि यह घटना शर्मनाक और अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि इस घटना को देखने के बाद उन्हें आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के उस बयान की याद आ गई जिसमें उन्होंने खुद ही अपने को ‘अराजकवादी’ होने का एलान किया था।

लेखी नई दिल्ली से सांसद होने के नाते परिषद की पदेन सदस्य हैं। उन्होंने सदन में हुई इस घटना की जांच कराने की मांग की और कहा कि इस घटना में शामिल आप कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई होनी चाहिए।

दिल्ली नगर निगम के महापौर के चुनाव से पहले निगम पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में आज जबरदस्त हंगामे के बाद भाजपा के मंत्री, सांसदों ने भाजपा कार्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस बुलाई, जिसमें लेखी ने यह बात कही है। इस दौरान, भाजपा सांसद मनोज तिवारी, सांसद प्रवेश सिंह वर्मा, पार्टी के प्रवक्ता आर पी सिंह और प्रदेश प्रवक्ता हरीश खुराना और अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।

मनोज तिवारी ने कहा कि आप पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा पार्षदों पर हमला करने की मंशा से ही सदन में पहले से तैयार हो कर दाखिल हुए थे। तिवारी ने कहा कि उनके (आप के कार्यकर्ताओं के) पास हथियार जैसे ब्लेड धागा थे और वे नशे में भी थे। हमारे कई पार्षदों को गहरी चोट पहुंची है। उन्होंने कानून को तोड़ा है। इस मामले को लेकर हम लोग शिकायत दर्ज कराने वाले हैं, जिससे उन पर कानूनी कार्रवाई हो।

लेखी ने कहा कि एमसीडी की बैठक में निर्वाचित और मनोनीत सभी सदस्यों को व्यवस्थित तरीके से शामिल होने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह अच्छा हुआ कि उप-राज्यपाल द्वारा मनोनीत सदस्यों को चेयरपर्सन ने मेयर के चुनाव के लिए बैठक शुरू होने से पहले शपथ दिला दी थी।

उन्होंने कहा कि एमसीडी में सदस्यों को मनोनीत करने का अधिकार उप-राज्यपाल को है और उन्होंने अपने कानूनी अधिकार के तहत निर्धारित संख्या में सदस्यों का मनोनयन किया और बैठक के संचालन के लिए चेयरपर्सन की नियुक्त कर दी थी।