रायपुर के भाठागांव स्टैंड पर अधेड़ महिला से बस में रेप, ड्राइवर अरेस्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भाटागांव स्थित बस स्टैंड में खड़ी बस में ड्राइवर ने एक अधेड़ महिला से दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस संबंध में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

इस बीच राज्य सरकार ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में हो रही घटनाओं के लिए सरकार और पुलिस तत्परता से कार्रवाई कर रही है। वहीं प्रमुख विपक्षी कांग्रेस ने भाठागांव बस स्टैंड में महिला से अनाचार के मामले की जांच के लिए समीति बनाने की घोषणा की है।

बताया जाता है कि उक्त बस स्टैंड अपराधियों का अड्डा बन चुका है। शुक्रवार की देर रात एक खड़ी बस में एक 50 साल की महिला से दुष्कर्म हुआ। बस ड्राइवर ने फ्रूटी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया था। महिला जब बेसुध हो गई तो देर रात करीब 11 बजे उसके साथ दुष्कर्म किया। इससे पहले आरोपी दिनभर महिला के साथ था। उसे खाना भी खिलाया। आरोपी सोनी लाल झरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। पीड़िता महासमुंद जिले की रहने वाली है। पारिवारिक विवाद की वजह से वह घर छोड़कर निकल गई थी। गत तीन दिनों से वह बस स्टैंड के पास ही रह रही थी। तभी से महिला पर ड्राइवर की बुरी नजर थी।

पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें एक आरोपी की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने घटना की जांच के लिए कमेटी बनाए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार अनाचार की घटनाएं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अनाचार की घटनाओं पर कांग्रेस आंदोलन करेगी।

वहीं दूसरी ओर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ऐसे अपराध में संलिप्त लोगों पर कठोरता से सरकार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में हो रही घटनाओं के लिए सरकार और पुलिस तत्परता से कार्रवाई कर रही है। ऐसी घटनाएं रुकनी चाहिए।