मंत्री शाले मोहम्मद के पूरा जवाब नहीं दे पाने पर प्रश्न किया गया स्थगित

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डा सीपी जोशी ने विधानसभा में सिंचित क्षेत्र विकास मंत्री शाले मोहम्मद के रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में खालों का निर्माण के प्रश्न का पूरा उत्तर नहीं दे पाने के कारण आज प्रश्न को स्थगित कर दिया।

मोहम्मद प्रश्नकाल में विधायक बलवीर सिंह लूथरा के श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में खालों का निर्माण के संबंध में पूछे गए प्रश्न के लिखित जवाब के बाद पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे तब लूथरा के एक पूरक प्रश्न पर डा जोशी ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि पूरे रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र के बारे में जानकारी चाही गई जो नहीं है।

उन्होंने कहा कि मंत्रीजी सदस्य ने अपने विधानसभा क्षेत्र की विस्तृत जानकारी चाही और उत्तर केवल गंग केनाल क्षेत्र के बारे में दी गई, जो 426 गांव गंग केनाल के अलावा है, उसके बारे में सदस्य चिंतित है, इस बारे में जानकारी बताए, जानकारी नहीं है तो विस्तृत जानकारी के साथ उत्तर देने के लिए इस प्रश्न को फिर लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अपेक्षा है कि इसका पूरा उत्तर आए। प्रश्न में जितनी सूचना चाहिए थी, वह नहीं होने के कारण प्रश्न स्थगित किया जा रहा है।

मोहम्मद के प्रश्न के लिखित जवाब से लूथरा संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने पूरक प्रश्न किया कि गंग केनाल के अलावा सिंचित क्षेत्र के करीब सवा चार सौ गांवों में खालों के निर्माण के बारे में पूछा गया लेकिन इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई हैं।